
छह दिनों की लगातार गिरावट के बाद बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। विशेषज्ञ मान रहे हैं निचले स्तर से खरीदारी लौटने की वजह से अमेरिकी शेयर बाजार में यह वापसी देखने को मिली है। इस तेजी में शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स 4 फीसदी तक उछल गए जो बाजार के लिहाज से 2011 के बाद सबसे अच्छा दिन साबित हुआ। इसका सीधा असर एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिला। ज्यादातर बाजार पॉजिटिव रहे।
बुधवार के सत्र में अमेरिकी बाजार के प्रमुख सूचकांक डाओ जोंस 3.95 फीसदी की बढ़त के साथ 16285 के स्तर पर एसएंडपी 3.90 फीसदी की बढ़त के साथ 1940 के स्तर पर और नैस्डेक 4.24 फीसदी चढ़कर 4697 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार के विशेषज्ञ मान रहे हैं कि निचले स्तर पर लौटी खरीदारी के अलावा न्यूयॉर्क के फेडरल रिजर्व प्रेसीडेंट विलियम्स डुडले के बयान से भी बाजार को सहारा मिला। डुडले के मुताबिक सितंबर में भी ब्याज दरें बढ़ने की बहुत ज्यादा संभावना नहीं लग रही।
गुरुवार के सत्र में तमाम एशियाई बाजारों की शुरुआत बढ़त के साथ हुई है। चीन का प्रमुख इंडेक्स शंघाई 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। साथ ही इसने 3000 का एक अहम स्तर भी तोड़ा है। इसके साथ ही जापान का इंडेक्स निक्केई भी 1.82 फीसदी की बढ़त के साथ 18714 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हांग-कांग इंडेक्स में भी 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिल रही है। प्रमुख एशियाई बाजार चीन के शंघाई इंडेक्स में बढ़त की एक और वजह हाल में चीन के सेंट्रल बैंक की ओर से ब्याज दरों में कटौती भी है। जिसके बाद सभी ब्लू चिप स्टॉक्स में बढ़त देखने को मिली। जानकारों का मानना है कि अगर शंघाई इंडेक्स 3000 के स्तर को होल्ड करके ऊपर की ओर ट्रेड करता दिखता है तो बाजार में यह तेजी जारी रह सकती है।
एशियाई बाजारों में इस तेजी की वजह अमेरिकी बाजार में आई जोरदार तेजी है। अमेरिकी बाजार के लिए बुधवार का सत्र बीते 4 साल का सबसे अच्छा सत्र था। सभी इंडेक्स करीब 4 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। अमेरिकी और एशियाई बाजारों में जबरदस्त तेजी के बाद आज सुबह सिंगापुर निफ्टी ने भी अच्छी शुरुआत की है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि भारतीय बाजार में भी आज तेज शुरुआत हो सकती है। सुबह करीब 8.30 बजे सिंगापुर निफ्टी करीब 1.17 फीसदी की मजबूती के साथ 7877 के स्तर पर कारोबार कर रहा है
Leave a comment