हॉकी खिलाड़ियों को मिलेंगी सभी सुविधाएं: विपुल

हॉकी खिलाड़ियों को मिलेंगी सभी सुविधाएं: विपुल

फरीदाबाद : आने वाले समय में फरीदाबाद के खिलाड़ी राष्ट्रीय खेल हॉकी में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे और इसके लिए सुविधाएं देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। यह बात शनिवार को उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर सात के सरकारी स्कूल के खेल मैदान में बिछने वाली एस्ट्रो टर्फ के शिलान्यास के मौके पर कही। एस्ट्रो टर्फ का निर्माण दो करोड़ रुपये लागत से किया जाएगा और यह कार्य चार महीने में पूरा हो जाएगा।
 
इस मौके पर पूर्व हॉकी खिलाड़ी मनोज कुमार व राजेश डागर ने कहा कि एस्ट्रो टर्फ छोटा बनाया जा रहा है। इसमें एक बार में केवल छह खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे, जिससे टूर्नामेंट के समय संयोजन बनाने में गड़बड़ी होगी। हॉकी खिलाड़ियों ने सुविधाएं न मिलने का रोना भी रोया। सीनियर खिलाड़ी रुपए एकत्रित करके जूनियर खिलाड़ियों के लिए हॉकी खरीदकर लाते हैं।
 
जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी आयोजन से पहले जिला खेल विभाग की ओर से उन्हें कोई सूचना नहीं दी जाती है। महाकुंभ की जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भी खेल विभाग की ओर से गड़बड़झाला करके दूसरे स्थान पर रही टीम को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भेज दिया गया।
 
सारी समस्या सुनने के बाद उद्योग मंत्री ने खिलाड़ियों व पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उन्हें भरपूर सुविधाएं मिलेंगी और नजदीक ही स्थित सेक्टर-12 में एक और फुल एस्ट्रो टर्फ बनाने की तैयारी की जा रही है, जहां पर टीम के 11 खिलाड़ी एक साथ अभ्यास कर सकेंगे।
 
इस मौके पर पार्षद कुलबीर तेवतिया, वासुदेव अरोड़ा, प्रवीण चौधरी, कुलबीर तेवतिया, एनके गर्ग, प्रकाशवीर नागर, मनोहर लाल प्रधान, बीएन पांडे, वजीर ¨सह डागर मौजूद थे।
 
 
 
 

Leave a comment