SpaceX स्टारशिप मिशन 2 महीने में दूसरी बार फेल, लॉन्च के कुछ मिनट बाद रॉकेट मलबे में तब्दील

SpaceX स्टारशिप मिशन 2 महीने में दूसरी बार फेल, लॉन्च के कुछ मिनट बाद रॉकेट मलबे में तब्दील

Spacex Starship Mission Failed: दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शुमार एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को एक और बड़ा झटका लगा है। गुरुवार को लॉन्च किए गए स्टारशिप रॉकेट से कुछ मिनट बाद ही संपर्क टूट गया। इसके बाद रॉकेट अंतरिक्ष में विस्फोट कर मलबे में बदल गया।

बता दें कि,इस घटना की लाइव स्ट्रीमिंग में दक्षिण फ्लोरिडा और बहामास के पास आसमान में जलते हुए मलबे की लकीरें देखी गईं। यह हादसा तब हुआ जब इंजन कटऑफ के बाद रॉकेट अनियंत्रित होकर घूमने लगा।

लॉन्च के बाद अनियंत्रित हुआ स्टारशिप

स्पेसएक्स के अनुसार, रॉकेट के इंजन बंद होने के बाद यह नियंत्रण से बाहर हो गया और अंतरिक्ष में घूमने लगा। इसके बाद दक्षिण फ्लोरिडा और बहामास के आसमान में जलते हुए मलबे की तस्वीरें नजर आईं। इस घटना की वजह से मियामी, फोर्ट लॉडरडेल, पाम बीच और ऑरलैंडो हवाई अड्डों पर रात 8बजे तक उड़ानों को रोकना पड़ा।

स्पेसएक्स का आधिकारिक बयान

मिशन की असफलता पर स्पेसएक्स ने बयान जारी किया। कंपनी ने कहा, "स्टारशिप के ऊपर जाते समय अनियोजित परिस्थितियां उत्पन्न हुईं, जिससे संपर्क टूट गया। हम इस परीक्षण के डेटा की समीक्षा करेंगे और इसके कारणों को समझने की कोशिश करेंगे। हालांकि, इस उड़ान से हमें स्टारशिप की विश्वसनीयता सुधारने के लिए महत्वपूर्ण सबक मिले हैं।"

दो महीनों में दूसरी असफलता

यह स्टारशिप की दो महीनों में दूसरी असफलता है। इससे पहले जनवरी में भी कंपनी का लॉन्च विफल हो गया था। तब रॉकेट का जलता हुआ मलबा टर्क्स और कैकोस द्वीप पर गिरा था।

नकली सैटेलाइट तैनात करने की थी योजना

स्पेसएक्स ने इस बार विशाल स्टारशिप रॉकेट को नकली सैटेलाइट को अंतरिक्ष में तैनात करने के लिए परीक्षण उड़ान पर भेजा था। टेक्सास से लॉन्च किए गए 403फुट (123मीटर) लंबे इस रॉकेट का लक्ष्य अंतरिक्ष में पहुंचकर कुछ नकली सैटेलाइट छोड़ना और फिर सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौटना था। हालांकि, रॉकेट के लॉन्च के शुरुआती चरण सफल रहे, लेकिन उसके बाद संपर्क टूट गया और मिशन विफल हो गया।

नासा की नजरें स्टारशिप पर

नासा भी इस मिशन पर बारीकी से नजर रखे हुए था। स्पेस एजेंसी ने इस दशक के अंत में अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर भेजने के लिए स्टारशिप को बुक किया है। इस असफलता के बावजूद, स्पेसएक्स अपने मिशन को सुधारने में जुटा हुआ है और भविष्य में इसे सफल बनाने की कोशिश कर रहा है।

Leave a comment