रूसी मिसाइलों ने सूमी में मचाई तबाही, शांति वार्ता के दौरान 20 से ज्यादा लोगों की मौत

रूसी मिसाइलों ने सूमी में मचाई तबाही, शांति वार्ता के दौरान 20 से ज्यादा लोगों की मौत

Russia-Ukraine War: रविवार को रूस ने यूक्रेन के सूमी शहर में बड़ा और जानलेवा मिसाइल हमला किया। इस हमले में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि अब तक घायलों की कुल संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है।

हमले के बाद इलाके में डर का माहौल बन गया है। लोग अपने घरों में सहमे हुए हैं। प्रशासन के मुताबिक, यह हमला उस समय हुआ जब लोग 'पाम संडे' का त्योहार मनाने के लिए जमा हुए थे। तभी रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला कर दिया।

जश्न के बीच मचा कोहराम, महापौर ने बताई भयावह स्थिति

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ही मिनटों में सब कुछ बदल गया। खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। हर जगह अफरा-तफरी मच गई।

सूमी के कार्यवाहक महापौर अर्टेम कोबजर ने इस हमले की पुष्टि की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “पाम संडे के मौके पर हमारे शांतिप्रिय लोगों पर हमला हुआ है। यह एक भयानक त्रासदी है। अब तक 20से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। आज का दिन बेहद दुखद है।”

तीन साल से जारी जंग से थका यूक्रेन, हालात और बिगड़ते जा रहे हैं

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अब तीसरे साल में पहुंच चुका है। लेकिन शांति की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। इस लंबे युद्ध ने यूक्रेन को बुरी तरह तोड़ दिया है। कई शहर बर्बाद हो चुके हैं। हज़ारों लोग मारे जा चुके हैं। लाखों लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं।

हमले से एक दिन पहले रूस और यूक्रेन के राजनयिकों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए थे। यह आरोप अमेरिका की ओर से कराए जा रहे एक संभावित समझौते को लेकर थे। यह समझौता ऊर्जा सुविधाओं को सुरक्षित रखने के लिए था। लेकिन अब यह साफ है कि दोनों देशों के बीच भरोसे की दीवार और भी कमजोर हो गई है।

Leave a comment