सऊदी के लिए पाकिस्तान की परमाणु ताकत तैयार, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बोले - हर क्षमता उपलब्ध कराएंगे

सऊदी के लिए पाकिस्तान की परमाणु ताकत तैयार, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बोले - हर क्षमता उपलब्ध कराएंगे

Pak-Saudi Arabia Defense Agreement: पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच हाल ही में रक्षा समझौते ने वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अगर जरूरत पड़ी, तो पाकिस्तान की परमाणु क्षमता सऊदी अरब को उपलब्ध कराई जाएगी। यह बयान न केवल दोनों देशों के दशकों पुराने सैन्य संबंधों को मजबूत करता है, बल्कि मध्य पूर्व की सुरक्षा समीकरणों को बदलने की क्षमता रखता है।

रक्षा मंत्री ने क्या कहा?

रक्षा मंत्री आसिफ ने एक इंटरव्यू में कहा 'पाकिस्तान की परमाणु क्षमता लंबे समय पहले परीक्षणों के साथ स्थापित हो चुकी है। उसके बाद से हमारी सेनाएं युद्धक्षेत्र के लिए प्रशिक्षित हैं। जो कुछ हमारे पास है, वह क्षमताएं इस समझौते के तहत सऊदी अरब को उपलब्ध कराई जाएंगी।' उन्होंने जोर देकर कहा कि यह व्यवस्था आक्रामक नहीं, बल्कि रक्षात्मक है। हमने किसी देश का नाम नहीं लिया है जिस पर हमला होने पर स्वचालित जवाब दिया जाएगा। न ही सऊदी ने ऐसा किया है।

पाकिस्तान-सऊदी अरब के बीच सैन्य सहयोग

मालूम हो कि पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच सैन्य सहयोग पहली बार नहीं हुआ है। 1970 के दशक से सऊदी अरब ने पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम को वित्तीय सहायता प्रदान करने के आरोप झेले हैं, हालांकि दोनों देश इसे हमेशा अस्वीकार करते रहे हैं। वहीं, इस बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की रियाद यात्रा के दौरान सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ 'रणनीतिक पारस्परिक रक्षा समझौता' पर हस्ताक्षर हुए। इस समझौते के तहत, एक देश पर हमला दूसरे पर हमला माना जाएगा और दोनों संयुक्त रूप से जवाब देंगे।

यह समझौता मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच आया है। इस महीने की शुरुआत में इजरायल ने कतर में हमास नेताओं पर हमला किया, जिसमें छह लोग मारे गए। अरब देशों ने इसे सीधी धमकी माना है, खासकर जब इजरायल मध्य पूर्व का एकमात्र अनधिकृत परमाणु शक्ति वाला देश है। आसिफ ने इजरायल की आलोचना करते हुए कहा कि वह IAEA को अपने परमाणु कार्यक्रम की पूरी जानकारी नहीं देता।

Leave a comment