21 सितंबर की आधी रात से पहले लौटें, ट्रंप के H-1B 'टैक्स बम' के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने जारी किया अलर्ट

21 सितंबर की आधी रात से पहले लौटें, ट्रंप के H-1B 'टैक्स बम' के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने जारी किया अलर्ट

Microsoft Employee Alert On H-1B Visa: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया ऐलान ने H-1B वीजा पर निर्भर भारतीय आईटी पेशेवरों की चिंता बढ़ा दी है।  ट्रंप ने H-1B वीजा के लिए 1 लाख डॉलर (करीब 84 लाख रुपये) का नया शुल्क लगाने की घोषणा की है, जो 21 सितंबर को रात 12:01 बजे ईस्टर्न टाइम से लागू हो जाएगा। इस फैसले के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने अपने H-1B और H-4 वीजा वाले भारतीय कर्मचारियों को तत्काल अमेरिका लौटने की सलाह दी है, वरना वे विदेश यात्रा के दौरान फंस सकते हैं।

माइक्रोसॉफ्ट की सख्त चेतावनी

माइक्रोसॉफ्ट ने अपने वैश्विक कर्मचारियों को एक आंतरिक ईमेल के जरिए सूचित किया है, जिसमें साफ कहा गया है कि H-1B वीजा धारकों को अमेरिका में रहना चाहिए और अनावश्यक यात्राओं से बचना चाहिए। कंपनी ने जोर देकर कहा कि 21 सितंबर के बाद बाहर रहने वाले कर्मचारी री-एंट्री में समस्या का सामना कर सकते हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने विशेष रूप से अपने H-1B और H-4 वीजा वाले कर्मचारियों को रविवार (21 सितंबर) तक अमेरिका पहुंचने की सलाह दी है। 

यह चेतावनी भारतीय कर्मचारियों के लिए खासतौर पर चिंता का विषय है। क्योंकि अमेरिकी टेक इंडस्ट्री में भारतीय पेशेवरों की संख्या सबसे ज्यादा है। माइक्रोसॉफ्ट में हजारों भारतीय इंजीनियर H-1B वीजा पर काम करते हैं, और यह फैसला उनकी करियर योजनाओं को प्रभावित कर सकता है।

क्या है H-1B वीजा का नया वीजा नियम?

बता दें, ट्रंप प्रशासन ने H-1B वीजा प्रक्रिया को और सख्त बनाने के लिए 1 लाख डॉलर (करीब 84 लाख रुपये) का नया शुल्क लगा दिया है। जिसका उद्देश्य अमेरिकी नौकरियों को प्राथमिकता देना है। इस नए शुल्क के कारण कंपनियों के लिए विदेशी कर्मचारियों को वीजा दिलाना महंगा पड़ जाएगा, जिससे H-1B वीजा धारकों की पुन:प्रवेश (री-एंट्री) में बाधा आ सकती है। यह नियम 21 सितंबर रविवार से लागू जाएगा, जिसके तहत अगर कोई H-1B वीजा धारक इस नियम के लागू के बाद अमेरिका के बाहर हो जाता है, तो उन्हें बिना अतिरिक्त फीस चुकाए दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।

यह नियम न केवल H-1B बल्कि उनके आश्रितों के H-4 वीजा पर भी लागू होगा। इस घोषणा के तुरंत बाद इमिग्रेशन वकीलों और कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को चेतावनी जारी की है। एक रिपोर्ट की मानें तो H-1B वीजा धारक जो व्यापारिक यात्रा या छुट्टी पर अमेरिका से बाहर हैं, उन्हें आधी रात से पहले ही लौट जाना चाहिए, वरना वे फंस सकते हैं।  

Leave a comment