ईरान के न्यूक्लियर साइट्स तबाह करने के बाद ट्रंप की दो टूक, कहा - शांति अपनाओ या और बड़े हमले झेलो

ईरान के न्यूक्लियर साइट्स तबाह करने के बाद ट्रंप की दो टूक, कहा - शांति अपनाओ या और बड़े हमले झेलो

America Strikes Iran's Nuclear Facilities: इजरायल और ईरान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष में अमेरिका की एंट्री हो चुकी है। अमेरिकी वायुसेना ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर हवाई हमले किए हैं। वहीं, इन हमलों के बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस से राष्ट्र को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में ईरान को दो टूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु स्थलों पर 'बहुत सफल हमला' किया। ट्रंप ने ईरान से शांति की राह अपनाने की अपील की। साथ ही, चेतावनी दी कि यदि ईरान ने ऐसा नहीं किया तो उसे और बड़े हमलों का सामना करना पड़ेगा।

ट्रंप ने अपने संबोधन में क्या कहा? 

1. परमाणु ठिकानों पर हमला: ट्रंप ने अपने संबोधन में बताया कि अमेरिकी वायुसेना ने ईरान के फोर्डो, नतांज और इस्फहान परमाणु सुविधाओं पर सटीक हमले किए। जिनमें B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स और GBU-57 'बंकर-बस्टर' बमों का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने दावा किया कि ईरान की परमाणु सुविधाएं 'पूरी तरह और स्थायी रूप से नष्ट' हो गई हैं। ट्रंप ने कहा 'हमने ईरान के परमाणु हथियार बनाने की क्षमता को खत्म कर दिया है।

2. शांति या तबाही: ट्रंप ने अपने संबोधन के जरिए ईरान को चेतावनी दी कि अब उनके पास शांति चुनने का मौका है। लेकिन ऐसा नहीं होता है तो अमेरिका और इजरायल मिलकर और बड़े हमले करेंगे। उन्होंने कहा 'ईरान को अब शांति बनानी होगी। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो भविष्य के हमले कहीं अधिक बड़े और आसान होंगे।' ट्रंप ने जोर देकर कहा 'या तो शांति होगी, या ईरान के लिए अब तक देखी गई सबसे बड़ी त्रासदी होगी।'

3. इजरायल और अमेरिका की दोस्ती: ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायली सेना की तारीफ की। उन्होंने कहा 'हमने एक ऐसी टीम के रूप में काम किया, जैसा शायद पहले कभी नहीं देखा गया। हमने इजरायल के लिए इस भयानक खतरे को काफी हद तक खत्म कर दिया है।' ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका और इजरायल की दोस्ती अटूट है।

4. अमेरिकी सेना की तारीफ: ट्रंप ने अमेरिकी सेना और जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष जनरल डैन केन को धन्यवाद दिया। उन्होंने ईरान के खिलाफ हमलों को दशकों में अभूतपूर्व करार दिया। उन्होंने कहा 'हमारी सेना ने ऐसी ताकत और सटीकता दिखाई, जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखी।'  

Leave a comment