डोनाल्ड ट्रंप को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी, जानें अब उस व्यक्ति का क्या हुआ?

डोनाल्ड ट्रंप को सोशल मीडिया पर मिली जान से मारने की धमकी, जानें अब उस व्यक्ति का क्या हुआ?

Donald Trump Kill Threat: फ्लोरिडा के 46 वर्षीय शैनन एटकिंस को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ सोशल मीडिया पर धमकी भरे पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई FBI की सूचना पर की गई। एटकिंस ने फेसबुक पर कई आपत्तिजनक पोस्ट किए थे, जिनमें ट्रंप को निशाना बनाया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, एटकिंस ने ट्रंप के शपथग्रहण से एक दिन पहले फेसबुक पर लिखा, "अमेरिका को बचाने के लिए सिर्फ एक गोली चलाने की जरूरत है।" पुलिस ने इसे गंभीर मानते हुए उसे शुक्रवार रात पाम बीच के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कोकीन के तीन बैग भी बरामद हुए।

ट्रंप की सुरक्षा पर FBI और सीक्रेट सर्विस की सतर्कता

डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर FBI और सीक्रेट सर्विस पहले से ही सतर्क हैं। पिछले साल ट्रंप को निशाना बनाने की दो असफल कोशिशें हो चुकी हैं। इस घटना ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत को रेखांकित किया है।

वहीं एटकिंस ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट को मजाक बताया। लेकिन वेस्ट पाम बीच के पुलिस प्रमुख टोनी अराउजो ने इसे खारिज करते हुए कहा, "आज के समय में ऐसी बातें मजाक नहीं कही जा सकतीं। यह खतरनाक हो सकता है।" पुलिस ने एटकिंस के अन्य पोस्ट का भी हवाला दिया, जिसमें उसने लिखा था, "इतिहास खुद को दोहराता है। हमारे यहां सालों से कोई हत्या नहीं हुई है।"

ड्रग्स और धमकी के आरोप में मुकदमा

एटकिंस पर ड्रग्स रखने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह दूसरी डिग्री का अपराध है। अब यह सीक्रेट सर्विस पर निर्भर करेगा कि आरोपी पर संघीय आरोप लगाए जाएंगे या नहीं।

सोशल मीडिया धमकियों पर कड़ी कार्रवाई

यह घटना दिखाती है कि सोशल मीडिया पर हिंसा या धमकी भरे पोस्ट को हल्के में नहीं लिया जाएगा। ट्रंप की सुरक्षा के लिए एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठा रही हैं। आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a comment