BRICS देशों को ट्रंप की धमकी, अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने पर सभी देशों पर लगेगा 100% टैरिफ

BRICS देशों को ट्रंप की धमकी, अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने पर सभी देशों पर लगेगा 100% टैरिफ

Donald Trump On BRICS: अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को ब्रिक्स देशों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि ये देश अमेरिकी डॉलर को कमजोर करने की कोशिश करेंगे, तो उन पर 100% टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रम्प की यह धमकी ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे ब्रिक्स देशों के लिए थी।

बता दें कि,ब्रिक्स देशों ने अमेरिकी डॉलर की निर्भरता को कम करने के लिए अपनी खुद की करेंसी लाने पर विचार किया है। इस साल अगस्त में दक्षिण अफ्रीका में हुए ब्रिक्स सम्मेलन में सदस्य देशों ने एक सामान्य करेंसी बनाने का प्रस्ताव रखा था। ट्रम्प इस प्रस्ताव से खासे नाराज हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे लेकर प्रतिक्रिया दी। ट्रम्प ने कहा, "ब्रिक्स देशों के डॉलर से दूर जाने की कोशिश का अब कोई भविष्य नहीं है। अगर वे ऐसा करते हैं, तो उन्हें 100% टैरिफ का सामना करना पड़ेगा और अमेरिकी बाजार से अलविदा कहना होगा।"

भारत और अन्य देशों के लिए चिंता की बात

भारत जैसे विकासशील देशों के लिए यह चेतावनी चिंताजनक हो सकती है, क्योंकि भारत न केवल अमेरिका से सामान आयात करता है, बल्कि बड़ी मात्रा में निर्यात भी करता है। 2023-24 के वित्तीय वर्ष में भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार 118.3 बिलियन डॉलर था, जिसमें भारत ने 41.6 अरब डॉलर का निर्यात किया।

रूस की डॉलर के खिलाफ आवाज बुलंद

रूस, जो अमेरिकी डॉलर के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहा है, ने हाल ही में एक नई भुगतान प्रणाली बनाने पर जोर दिया है। रूस का कहना है कि डॉलर का अत्यधिक इस्तेमाल उन्हें आर्थिक प्रतिबंधों का सामना करने के लिए मजबूर करता है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा था, "अगर हमें काम करने से रोका जा रहा है, तो हमें विकल्पों की तलाश करनी पड़ती है।"

ट्रम्प की चेतावनी

ट्रम्प ने यह स्पष्ट किया कि वह नहीं मानते कि ब्रिक्स देशों द्वारा डॉलर को चुनौती देने की कोई संभावना है। उन्होंने कहा, "जो भी देश अमेरिकी डॉलर की जगह लेने की कोशिश करेगा, उसे अमेरिकी व्यापार से अलविदा कहना होगा।"

Leave a comment