
US Mass Deportation Started: अमेरिका ने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर करने के लिए सबसे बड़े निर्वासन अभियान की शुरुआत कर दी है। यह कदम अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पदभार ग्रहण के केवल चार दिन बाद उठाया गया है। ट्रंप ने चुनावी प्रचार के दौरान यह वादा किया था कि वह अवैध प्रवासियों को अमेरिका से बाहर करेंगे, और अब वह अपने इस वादे को पूरा कर रहे हैं।
20लाख प्रवासियों को किया जा सकता है निर्वासित
राष्ट्रपति ट्रंप ने शपथ ग्रहण करने के बाद अवैध प्रवासियों के निष्कासन के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। इसके साथ ही यह घोषणा की गई थी कि भविष्य में बिना दस्तावेज़ वाले अप्रवासियों से जन्मे बच्चों को अमेरिकी नागरिकता नहीं दी जाएगी। अमेरिकी रक्षा विभाग ने बताया कि इस अभियान के तहत अमेरिका से ग्वाटेमाला तक दो सैन्य विमानों के माध्यम से निर्वासन उड़ानें भेजी गई हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रंप की सीमा नीतियों के तहत अब तक 538अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह पहली बार है जब सैन्य विमानों का इस्तेमाल कर निर्वासन उड़ानें भेजी जा रही हैं।
पहले सबसे खतरनाकअपराधियों को बाहर भेजा जा रहा है - ट्रंप
राष्ट्रपति ट्रंप ने इस अभियान को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “निर्वासन उड़ानें अब शुरू हो चुकी हैं। ट्रंप ने दुनियाभर को यह कड़ा संदेश दिया है कि यदि आप अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करते हैं, तो आपको गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।” उन्होंने उत्तरी कैरोलिना में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा, “हम पहले सबसे खतरनाक अपराधियों को बाहर भेज रहे हैं। इन अपराधियों को पहले निर्वासित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से प्रभावशाली है।”
इतिहास में सबसे बड़ा निर्वासन अभियान
अमेरिका से 20 लाख से ज्यादा अवैध प्रवासियों को बाहर किया जा सकता है। यह निर्वासन अभियान इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है। इस अभियान के तहत ट्रंप सरकार अवैध प्रवासियों की संख्या को कम करने की कोशिश कर रही है, ताकि देश में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
Leave a comment