
Sonu Matka Encounter: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मेरठ में एक मुठभेड़ के दौरान सोनू मटका नाम के बदमाश का एनकाउंटर किया है। सोनू मटका वही बदमाश है, जिसने दिवाली की रात शाहदरा में चाचा-भतीजे को गोली मारकर फरार हो गया था। पुलिस को उसकी मेरठ में गतिविधियों की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर शनिवार तड़के स्पेशल सेल ने उसे घेर लिया।
सोनू मटका पर था 50हजार का इनाम
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। सोनू मटका मेरठ के टीपी नगर पुलिस थाना क्षेत्र में पुलिस की गोली से घायल हुआ और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन, इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस मामले में हत्या के समय जो नाबालिग स्कूटी चला रहा था, उसे पुलिस ने पहले ही पकड़ लिया था। जबकि शूटर सोनू मटका अब भी फरार था। सोनू मटका, जो 50हजार का इनामी बदमाश है, हाशिम बाबा गैंग का कुख्यात शूटर माना जाता है। उसके खिलाफ यूपी और दिल्ली में लूट और हत्या के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
दिवाली की रात की थी चाचा-भतीजे की हत्या
अक्टूबर में दिल्ली के शाहदरा में दिवाली की रात एक परिवार के दो सदस्यों की हत्या हो गई थी। उस रात परिवार अपने घर के बाहर दिवाली मना रहा था। तभी दो हथियारबंद लोग आए और एक 40वर्षीय व्यक्ति और उसके 16वर्षीय भतीजे को गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में शख्स का 10साल का बेटा भी घायल हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। इसमें पीले कुर्ते में आकाश और ऋषभ पटाखे जलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। कृष दरवाजे पर खड़ा था। तभी दो लोग स्कूटी पर आते हैं। एक व्यक्ति आकाश के पांव छूकर आशीर्वाद लेता है। जबकि दूसरा अचानक बंदूक निकालकर गोली चला देता है। इस दौरान एक गोली कृष को भी लगती है। जब तक ऋषभ कुछ समझ पाता, तब तक स्कूटी सवार भाग जाते हैं। ऋषभ उनके पीछे भागता है, लेकिन उसे भी गोली मार दी जाती है।
Leave a comment