लखनऊ: कट्टा और बम लेकर पहुंचे थे छात्र, महिलाओं से की बदसलूकी...दूल्हे के पिता ने सुनाया उपद्रव का खौफनाक मंजर

लखनऊ: कट्टा और बम लेकर पहुंचे थे छात्र, महिलाओं से की बदसलूकी...दूल्हे के पिता ने सुनाया उपद्रव का खौफनाक मंजर

UP Crime: लखनऊ शहर के एक शादी समारोह में कथित रूप से लखनऊ यूनिवर्सिटी के छात्रों ने उत्पात मचाया। इससे मैरिज हॉल का माहौल पूरी तरह से बिगड़ गया और शादी की सारी तैयारियां तहस-नहस हो गईं। इस घटना में न सिर्फ दूल्हे के परिवार को गहरी चोट पहुंची, बल्कि कई मेहमान भी घायल हुए।

दूल्हे के पिता, मनोज सोनकर ने बताया कि वे बारात में नाचते-गाते जा रहे थे, जब अचानक कई लड़के आए और बिना किसी कारण मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने कहा, "हमने उनसे पूछा कि क्या हुआ है, वे कौन हैं?, लेकिन वे लगातार हम पर हमला करते गए। इस दौरान महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई और उनके गहने लूट लिए।"

छात्रों ने मचाया हंगामा, पुलिस भी नहीं रोक पाई

दूल्हे के भाई के मुताबिक, आरोपित छात्रों के पास कट्टे और देसी बम थे। उन्होंने बताया "हमने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके। छात्रों ने खुलेआम बम और कट्टे चलाए।" पुलिस घटनास्थल पर मौजूद थी, लेकिन छात्र बेखौफ होकर हंगामा करते रहे।

कथित तौर पर ये छात्र लखनऊ यूनिवर्सिटी से थे, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने घटना का संज्ञान लिया है और उचित कार्रवाई की बात की है।

दूल्हा-दुल्हन के परिवार की चिंता

एसीपी नॉर्थ जोन, नेहा त्रिपाठी ने बताया कि यह विवाद खाने को लेकर हुआ था और पुलिस ने इसे सुलझा लिया है। हालांकि, दूल्हा और दुल्हन के परिवार के लोग अब भी भयभीत हैं और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a comment