
Transgender Shot Dead In Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में यूट्यूबर गंगा किन्नर हर्ष उपाध्याय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, पुलिस केस दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। तो वहीं, परिजनों का कहना है कि गंगा किन्नर पर पहले भी जानलेवा हमला हुआ था।
उन्होंने बताया कि साल भर के अंदर दूसरी बार बदमाशों ने गंगा किन्नर पर फायरिंग की है। उनका कहना है कि किन्नर पर करीब 11 महीने पहले भी जानलेवा हमला हुआ था। लेकिन इस बार गोली सिर में लगने से उसकी मौत हो गई। बता दें, इस घटना को लेकर किन्नर समाज में आक्रोश है। जिसके चलते उन्होंने सड़कों पर निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन किया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये धटना गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र की है, जो रविवार 29 दिसंबर को घटित हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे 25 वर्षीय किन्नर गंगा अपने चालक आशीष के साथ नंदगंज के एक कपड़े की दुकान पर कपड़े खरीदने गए थे। जहां चोचकपुर मोड़ के पास हर्ष उपाध्याय उर्फ गंगा किन्नर को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस खूनी वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे। जिसके बाद दुकान के आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगाला गया। लेकिन आरोपी कौन हैं? इसका पता अभी नहीं चल पाया है।
किन्नर समाज का निर्वस्त्र प्रदर्शन
इस घटना को लेकर किन्नर समाज में आक्रोश है। जिसके चलते उन्होंने सड़कों पर निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन किया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू की। मृतक के पिता ने दूसरे किन्नर गैंग पर कत्ल का आरोप लगाया है। बता दें, गंगा का एक गुट जो सैदपुर इलाके में रहता था। वह नंदगंज पर अपना कब्जा जमाना चाहता था। यह बात दूसरे किन्नरों को नागवार लगी। जिसके बाद से इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पहले भी हुआ था हमला
बता दें, यूटूबर गंगा किन्नर उर्फ हर्ष उपाध्याय पर पहले भी हमला हो चुका है। 8 जनवरी 2024 को बाइक सवार बदमाशों ने घर जाते समय उसको गोली मारी थी। लेकिन इस गोली से वह बच गया था। बाद में पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब उसी गैंग पर फिर से शक जताया गया है।
Leave a comment