
Ayodhya: अयोध्या में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी के महज एक दिन बाद नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में जहां शादी की खुशियां थीं, वहीं अचानक मातम पसर गया।
सुबह काफी देर तक नहीं खुले दरवाजे, अंदर का नजारा देख सन्न रह गए परिजन
रविवार सुबह जब दूल्हा-दुल्हन काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आए, तो परिजनों को चिंता हुई। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका में परिवारवालों ने दरवाजा तोड़ दिया। जैसे ही वे अंदर पहुंचे, वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
दुल्हन का शव बेड पर पड़ा था, जबकि दूल्हा पंखे से लटका हुआ था। यह देखकर घरवालों में हाहाकार मच गया। परिजन तुरंत दोनों को अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
रिसेप्शन की तैयारी के बीच छा गया मातम
मिली जानकारी के अनुसार, 7मार्च को दोनों की शादी हुई थी। शनिवार को दुल्हन की विदाई हुई और वह पहली बार अपने ससुराल आई थी। परिवारवाले 9मार्च को होने वाले रिसेप्शन की तैयारियों में जुटे थे।
दूल्हे के बड़े भाई ने बताया कि वह कुछ रिश्तेदारों के साथ बाजार गया था। तभी अचानक घर से फोन आया कि तुरंत घर पहुंचो। जब वह घर पहुंचे, तो माहौल पूरी तरह बदल चुका था। रिश्तेदारों की चीख-पुकार गूंज रही थी। हर कोई इस घटना से स्तब्ध था।
पुलिस जांच में जुटी, हर एंगल से हो रही पड़ताल
फिलहाल, इस दुखद घटना की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चलेगा।पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
स्थानीय लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि शादी के अगले ही दिन यह हादसा कैसे हो गया। अब पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।
Leave a comment