
Jai Shri Ram Written On Gate Mosque: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में होली के जुलूस के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। शुक्रवार को जुलूस के दौरान किसी असामाजिक तत्व ने मस्जिद के गेट पर रंग से 'जय श्रीराम' लिख दिया। जैसे ही लोगों ने इसे देखा, हंगामा मच गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाल लिया।
धुरैटा गांव में बढ़ा तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति
यह मामला हयातनगर थाना क्षेत्र के धुरैटा गांव का है। हर साल की तरह इस बार भी शुक्रवार को होली का जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। सभी लोग होली की चौपाइयां गा रहे थे, तभी किसी ने मस्जिद के गेट पर रंग से 'जय श्रीराम' लिख दिया। इससे दोनों समुदायों में कहासुनी होने लगी और माहौल गर्म हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हयातनगर थाना पुलिस टीम फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया और माहौल को बिगड़ने से रोका। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
मुस्लिम समुदाय की आपत्ति
मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों का कहना है कि जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने जानबूझकर मस्जिद के गेट पर 'जय श्रीराम' लिखा और मस्जिद के अंदर रंग भी फेंका। उन्होंने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस पर एएसपी श्रीशचंद्र ने बताया कि मस्जिद पर रंग डालने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। दोनों समुदायों को समझाकर मामला शांत कराया गया है। पुलिस ने लोगों को अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की सलाह दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, प्रशासन अलर्ट
इस घटना का एक वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के फैलते ही माहौल और गरमा गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति को काबू में कर लिया। प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।
Leave a comment