
UP News: यूपी के टॉप 50 अपराधियों में शामिल गब्बर सिंह की बहराइच शहर के रायपुर राजा मोहल्ले में स्थित कोठी को जिला प्रशासन ने मंगलवार दोपहर बाद कुर्क कर दिया। कुर्की की यह कार्यवाही ढोल-नगाड़ा बजाकर नगर मजिस्ट्रेट की अगुवाई में पूरी की गयी। यूपी के टॉप 50 अपराधियों की सूची में शामिल पयागपुर क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गब्बर सिंह इस समय जेल में बंद हैं। बहराइच शहर में स्थित गब्बर सिंह की कोठी पर जिला प्रशासन की नजर अरसे से थी। जांच और आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद मंगलवार को जिला प्रशासन ने गब्बर सिंह की कोठी कुर्क कर लिया।
ढोल नगाड़ा बजाकर कुर्की की कार्रवाई
गौरतलब हो कि कुर्क की गई गब्बर सिंह की कोठी उनकी पत्नी सारिका सिंह के नाम पर नगर पालिका के अभिलेखों में दर्ज है। जिला प्रशासन की ओर से सप्ताह भर पूर्व कोठी पर कुर्की की नोटिस चस्पा की गई थी। मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर की अगुवाई में भारी संख्या में राजस्व अधिकारी पुलिस बल के साथ कोठी पर पहुंचे। इस दौरान ढोल नगाड़ा बजाकर कुर्की की कार्रवाई सार्वजनिक करते हुए कुर्की की औपचारिकताएं पूरी की गई। जिला प्रशासन की इस कार्यवाही के चलते क्षेत्र में सनसनी की स्थिति रही।
पहले भी हुई हैं कुर्की की कार्रवाई
24 जुलाई 2024 को भी गब्बर सिंह की कई प्रॉपर्टी कुर्क की जा चुकी हैं, जिसमें थाना दरगाह शरीफ अंतर्गत बंधन होटल, रेस्टोरेंट, मैरिज लॉन और एक निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शामिल हैं। इनकी कुल कीमत 110 करोड़ रुपये आंकी गई थी। यूपी के कई जिलों में गब्बर सिंह के खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें हत्या, अपहरण और धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
Leave a comment