Train Ticket Booking: त्योहारों के सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने टिकट बुकिंग के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है। दिवाली और छठ पूजा से पहले ट्रेनों में टिकटों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC ने एक ही दिन में रिकॉर्ड संख्या में ऑनलाइन टिकट बुक किए हैं। रेलवे के मुताबिक, 7 सितंबर को एक दिन में 20 लाख से ज्यादा टिकट सफलतापूर्वक बुक किए गए।
IRCTC ने की एक साथ लाखों की बुकिंग
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 7 सितंबर को IRCTC ने कुल 20,06,353 रेलवे टिकटों की बुकिंग की। इसे भारतीय रेलवे के इतिहास में एक दिन में हुई सबसे बड़ी टिकट बुकिंग बताया गया है। इसके अगले दिन यानी 8 सितंबर को भी 19,50,699 टिकट बुक किए गए। इस तरह सिर्फ दो दिनों में करीब 40 लाख टिकटों की बुकिंग हुई। रेलवे के मुताबिक, मौजूदा समय में कुल रिजर्व टिकटों में करीब 89 फीसदी टिकट ऑनलाइन माध्यम से बुक हो रहे हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था को मजबूत किया है।
IRCTC दे रही कई सुविधाएं
मुसाफिरों को तेज और बेहतर ऑनलाइन सुविधा देने के लिए रेलवे ने नए और आधुनिक सर्वर लगाए हैं। इससे IRCTC के टिकट बुकिंग पोर्टल की क्षमता पहले के मुकाबले करीब दोगुनी हो गई है। इसके अलावा IRCTC ने 15 जुलाई से नया यूजर इंटरफेस भी शुरू किया है। इसमें यात्रियों को अलग-अलग क्लास में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर देखने की सुविधा मिलती है। टिकटों की कालाबाजारी और गलत तरीके से बुकिंग रोकने के लिए रेलवे ने एंटी-बॉट सिस्टम भी लागू किया है। इसके चलते संदिग्ध बॉट ट्रैफिक में 55 से 65 फीसदी तक की कमी आने का दावा किया गया है। अधिकृत टिकट एजेंटों पर भी शुरुआती 10 मिनट के दौरान टिकट बुकिंग को लेकर रोक लगाई गई है।
धोखाधड़ी रोकने के लिए रेलवे ने उठाए सख्त कदम
ऑनलाइन धोखाधड़ी रोकने के लिए भी रेलवे ने सख्त कदम उठाए हैं। रेलवे के अनुसार, 3.04 करोड़ संदिग्ध यूजर आईडी को ब्लॉक किया गया है, जबकि 6.33 करोड़ आईडी को होल्ड पर रखा गया है। टिकट बुकिंग के दौरान आधार से सत्यापित यूजर की मौजूदगी को भी जरूरी किया गया है। इतनी बड़ी संख्या में टिकट बुक होने के बावजूद NGeT ऑनलाइन सिस्टम में कोई बड़ी तकनीकी समस्या नहीं आई। रेलवे का कहना है कि इससे उसकी डिजिटल व्यवस्था की क्षमता और तैयारियों का पता चलता है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से आगे भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
Also read: BRICS Summit 2026: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक प्लान तैयार, 22 जगहों पर डायवर्जन