IMD Rain-Storm-Hail Alert: उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के दो सक्रिय सिस्टम के कारण मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मैदानी इलाकों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के साथ लगातार बारिश हो रही है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर
IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत पर दो पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक सक्रिय हुए हैं, जिनकी चरम गतिविधि 7 और 8 अप्रैल को देखने को मिल रही है। इनके प्रभाव से राजस्थान, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में गरज-चमक के साथ बारिश, 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कई जगहों पर ओले गिरने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवाओं की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
Also read: Delhi News:दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा कदम, 50 लाख लोगों को होगा फायदा
दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। यहां बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल रही हैं। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसी तरह का मौसम बना हुआ है, जहां ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी
दूसरी तरफ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी हो रही है। हिमाचल के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में 7-8 अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का खतरा है। जम्मू-कश्मीर में भी कश्मीर घाटी समेत कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी का पूर्वानुमान है।