“उनकी हताशा की पराकाष्ठा है”, अय्यर के बयान पर अशोक गहलोत ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

“उनकी हताशा की पराकाष्ठा है”, अय्यर के बयान पर अशोक गहलोत ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

Ashok Gehlot On Manishankar Iyer: कांग्रेस पार्टी के अंदरखाने ही घमासान मची हुई है। पार्टी के दिग्गज नेता मणिशंकर अय्यर के बयानों ने एकबार फिर विवादों को जन्म दे दिया है। उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पढ़ाई को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिसको लेकर भाजपा कांग्रेस पर हमलावर हो गई। वहीं, इस बीच राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने अय्यर के बयान को उनकी फ्रस्ट्रेशन बताया है। दरअसल, अय्यर ने एक साक्षात्कार में राजीव गांधी को लेकर कहा था कि दो बार फेल होने के बावजूद राजीव गांधी को पीएम बनाया गया, यह आश्चर्य सा लगता है।

अशोक गहलोत ने साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के राजीव गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। गहलोत ने कहा कि यह समझ से परे है कि कांग्रेस का कोई नेता इस तरह की बातें बोल सकता है। गहलोत ने कहा, “राजीव गांधी किस क्लास में पास हुए या नहीं हुए, इसका कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह से हताशा (फ्रस्ट्रेशन) की पराकाष्ठा है, तभी इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।” उन्होंने राजीव गांधी के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके समय में जो महत्वपूर्ण कानून पास हुए, वे हमेशा देश के लिए याद रखे जाएंगे।

राजीव गांधी को लेकर अय्यर ने क्या कहा था?

एक साक्षात्कार में अय्यर ने राजीव गांधी के शैक्षणिक प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने, तो मैंने सोचा कि एक व्यक्ति जो एयरलाइन पायलट था और दो बार असफल रहा, वह प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है? मैंने उनके साथ कैम्ब्रिज में पढ़ाई की, जहां वे असफल रहे।  इसके बाद वे इंपीरियल कॉलेज लंदन गए, वहां भी वे फेल हो गए।  पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा कि कैम्ब्रिज में फेल होना बहुत मुश्किल है, क्योंकि वहां विश्वविद्यालय अपनी छवि खराब नहीं होने देता, फिर भी वे पास नहीं हो सके। कई लोगों ने सवाल उठाया कि ऐसे शैक्षणिक रिकॉर्ड वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है।

Leave a comment