आसमान से बरस रही आफत की बारिश ने मचाया कहर, अमरनाथ यात्रा समय से पहले रुकी, 3 राज्यों में जुटी सेना

आसमान से बरस रही आफत की बारिश ने मचाया कहर, अमरनाथ यात्रा समय से पहले रुकी, 3 राज्यों में जुटी सेना

Heavy Rains Cause Havoc:  भारी मानसूनी बारिश ने पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भारी तबाही मचाई है। जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण कठुआ और उधमपुर में दो पुल ढह गए, जबकि पांच घरों में दरारें पड़ गईं। अमरनाथ यात्रा को निर्धारित समय से एक सप्ताह पहले 3अगस्त को ही रोकना पड़ा, क्योंकि बालटाल और पहलगाम मार्गों को भारी नुकसान पहुंचा। कश्मीर के मंडल आयुक्त विजय कुमार बिधुड़ी ने बताया कि इस साल 4.10लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए, लेकिन मार्गों की मरम्मत के लिए यात्रा को पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है। 

उत्तराखंड में भूस्खलन, हिमाचल में सड़कें बंद

उत्तराखंड के चमोली में टीएचडीसी विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना स्थल पर भूस्खलन से 12मजदूर घायल हो गए। हेलंग के पास हुए इस हादसे के समय 300मजदूर काम कर रहे थे। चार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं, जिनमें से एक को रीढ़ की हड्डी में चोट के कारण श्रीनगर रेफर किया गया। हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन से 101लोगों की मौत हो चुकी है। चार राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 387सड़कें बंद हैं, जिनमें मंडी जिला सबसे अधिक प्रभावित है। बिजली और जलापूर्ति योजनाएं भी ठप हैं।

सेना का राहत अभियान, 105लोग सुरक्षित

मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सेना ने ईसागढ़, सिहोर, गुना और धौलपुर में राहत कार्य तेज कर दिए हैं, जहां अब तक 105 लोगों को सुरक्षित निकाला गया और 300 से अधिक को चिकित्सा सहायता दी गई। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र से राहत पैकेज की मांग की है।

Leave a comment