Udaipur Incident: “मेरे बच्चे की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई”, उदयपुर घटना पर मृतक छात्र के पिता ने किया बड़ा दावा

Udaipur Incident: “मेरे बच्चे की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई”, उदयपुर घटना पर मृतक छात्र के पिता ने किया बड़ा दावा

Udaipur Student Devraj death Case: राजस्थान के उदयपुर में बीते हफ्ते एक छात्र पर उसी के साथ पढ़ने वाले अन्य छात्र ने चाकू से हमला कर दिया था। जिसके बाद सोमवार को उस छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्र का अंतिम संस्कार किया गया। इस बीच मृतक छात्र के पिता पप्पू मोची का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई। साथ ही उन्होंने इस मामले में हत्यारे को कड़ी सजा देने की भी मांग की है। बता दें, इस घटना के प्रकाश में आते ही उदयपुर शहर में खूब बवाल मचा था। आक्रोशित लोगों ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था। हालांकि, उन्हीं परिस्थितियों से सबक लेते हुए पुलिस में छात्र के अंतिम संस्कार से पहले इंटरनेट सुविधा बंद करने के साथ अन्य सभी एहतियातन कदम उठाए हैं।  

मृतक के पिता ने क्या कहा?

मंगलवार को मृतक छात्र का भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान छात्र के पिता ने कहा कि मैं इस घटना से दुखी हूं। मैंने अपना बच्चा खो दिया है। मेरा पूरा भविष्य खत्म हो गया। अब मेरा बच्चा नहीं रहा। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगे कहा कि मेरे बेटे के साथ जो हुआ, वह किसी और के साथ न हो। उसकी हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई है।

गौरतलब है कि राजस्थान सरकार ने पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा और घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। साथ ही पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे क्या कारण था, पुलिस ये जानने में लगी हुई है।

घटना के बाद हुई थी तोड़फोड़

गौरततलब है कि जब लोगों को इस घटना के संबंध में पता लगा तो सभी सड़कों पर आकर तोड़फोड़ करने लगे। आक्रोशित भीड़ ने कई गाड़ियों को आग लगा दिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने यह माना कि घटना के बाद कई अफवाह फैलाए गए। जिसके कारण लोग भड़क उठे। हालांकि, उस दिन के बाद आज तक कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। सोमवार को जब से छात्र की मौत की खबर सामने आई है, तब से प्रशासन और सतर्क हो गई है। उदयपुर में फिर इंटरनेट बंद कर दिया है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। छात्र की मौत पर उदयपुर से भाजपा सांसद मन्नालाल रावत ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि दुखद घटना है। सबके मन में आक्रोश है। कार्रवाई चल रही है। अगर हत्यारों के कोई साथी भी हैं तो कार्रवाई सभी के खिलाफ होना चाहिए। 

Leave a comment