
Udaipur knife attack: राजस्थान के उदयपुर में हुई चाकूबाजी कांड के दौरान घायल हुए 10वीं के छात्र की बीते रात मौत हो गई। मंगलवार को मृतक छात्र का अंतिम संस्कार होना है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सोमवार देर रात छात्र के मौत के बाद जिला कलेक्टर, एसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे थे। बता दें, एक 10 वर्षीय छात्र को उसी स्कूल के अन्य छात्र ने चाकू मार दिया था। इसके बाद गंभीर हालत में घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालांकि, तमाम कोशिशों के बाद भी छात्र को नहीं बचाया जा सका।
सरकार ने मुआवजा देने का किया ऐलान
छात्र की मौत के बाद उदयपुर की स्थिति खराब हो गई थी। सैंकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए थे। इस दौरान भीड़ ने कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही समय में हालात को नियंत्रित कर लिया था। साथ ही राजस्थान सरकार ने पीड़ित परिवार को 51 लाख का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान किया है। हालांकि, जिस तरह का आक्रोश लोगों का घटना के बाद देखने को मिला था, वैसा ही अब अंतिम संस्कार के दौरान कोई उत्पात ना मचे, इसको लेकर प्रशासन ने सख्त इंतजाम किये हैं। उदयपुर रेंज के आईजी अजयपाल लांबा ने बताया था कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने पूरे उदयपुर वासियों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक तरह से भीड़ न जमा करें। अगर कोई माहौल खराब करेगा तो सख्ती से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे शहर में पुलिस की गश्त जारी है। आलाधिकारी पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
क्या है पूरा मामला
बता दें, बीते शुक्रवार की शाम उदयपुर के भटियाणी चोहट्टा के सरकारी स्कूल में दसवीं क्लास के दो छात्रों के बीच किसी कारण झगड़ा हो गया था। दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने दूसरे छात्र को चाकू मार दिया। बच्चें को गंभीर चोटें आई और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया. लेकिन इस मामले को लेकर पूरे इलाके में कई अफवाह फैलने लगी। कई लोगों ने इसे कन्हैयालाल कांड जैसा बताने लगे। जिसके कारण उदयपुर में भीड़ ने जमकर तोड़ फोड़ की। मामला इतना बढ़ गया कि शहर में 24 घंटों के इंटरनेट को बंद कर दिया गया। हालांकि, अव शहर की स्थिति समान्य है।
Leave a comment