
Rape allegation on Samajwadi party Leader: उत्तर प्रदेश पुलिस कन्नौज से समाजवादी पार्टी के नेता को गिरफ्तार किया है। समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव पर नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। पुलिस ने नवाब सिंह यादव को रविवार देर रात डिग्री कॉलेज से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी पर पोस्को समेत अन्य कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, पीड़िता को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल भेजा गया। गौरतलब है कि पिछले दिनों अयोध्या में सपा के एक अन्य नेता पर भी नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। जिसके बाद इसकी गिरफ्तारी भी हुई थी। हालांकि, कन्नौज मामले से सपा ने खुद को किनारे कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, तिर्वा क्षेत्र निवासी पीड़िता अपनी बुआ के साथ नौकरी मांगने के लिए सपा नेता नवाब सिंह यादव से चंदन सिंह डिग्री कॉलेज पहुंची थी। जहां पीड़िता के साथ नवाब सिंह यादव ने रेप करने का प्रयास किया। पीड़िता के अनुसार, वो अपनी बुआ के साथ नवाब यादव के पास नौकरी मांगने गई थी लेकिन जैसे ही उसकी बुआ वहां से थोड़ी देर के लिए हटी, वैसे ही नवाब यादव पीड़िता के साथ रेप करने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पीड़िता की बुआ मौके पर पहुंची तो पहले उन्होंने इसका विरोध किया और फिर रात में ही 112 डायल करके पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। फोन प्राप्त होने के कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर नवाब सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, नवाब यादव की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गई लेकिन पुलिस ने समझाबुझा कर लोगों को वापस भेज दिया।
सपा ने किया आरोपी से किनारा
जब इस मामले पर बयानबाजी तेज हुई तो समाजवादी पार्टी ने खुद को इससे किनारे कर लिया। इतना ही नहीं सपा ने नवाब सिंह यादव को भाजपा का कार्यकर्ता बता दिया। सपा के प्रवक्ता उदयवीर सिंह ने इस मामले पर कहा कि नवाब सिंह यादव ने सपा से अपना रिश्ता वर्षों पहले तोड़ लिया था। पिछले लंबे समय से वो भाजपा नेताओं के साथ घूमता था। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद को बचाने के लिए सपा में कमी ढूंढ लेती है। जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने मुकदमें वापस ले लिए तो यह सरकार न्याय की बात कैसे कर सकती है?इसके अलावा सपा प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी पर मामला दर्ज करके कार्रवाई करने से आखिर सरकार को किसने रोका है?
Leave a comment