
Delhi Firing Incident: पश्चिमी दिल्ली के मीरा बाग में बुधवार को कई राउंड फायरिंग हुई हैं। जानकारी के अनुसार, राज मंदिर नामक आउटलेट पर दोपहर में कुछ बदमाशों ने 7-8 राउंड गोलियां चलाईं। फिर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। इस फायरिंग किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि, पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है। किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिरौती का आया था कॉल!
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कारोबारी को बदमाशों से कुछ दिन पहले ही धमकी मिली थी, जिसकी शिकायत कारोबारी ने पश्चिम विहार वेस्ट थाना में की थी। शिकायत पर प्राथमिकी भी दर्ज हुई थी। लेकिन शिकायत दर्ज होने के अगले ही दिन फायरिंग की घटना से सभी सकते में हैं। अभी पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ बोलने से कतरा रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है। ऐसे घटनाओं ने दिल्ली पुलिस के काम पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पिछले कुछ दिनों से राजधानी में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है।
मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी
बाहरी दिल्ली के अलीपुर में प्रापर्टी डीलर और नांगलोई में प्लाइवुड कारोबारी के कार्यालय पर गोलियां बरसाने वाले गोगी गिरोह के दो शॉर्प शूटरों को क्राइम ब्रांच की टीम ने नरेला में मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। सोमवार दोपहर इन बदमाशों ने दोनों ही जगहों पर रंगदारी के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए शूटरों में से एक की पहचान खेड़ा खुर्द निवासी आकाश राठौड़ के रूप में हुई, जबकि दूसरा आरोपित नाबालिग है। इनके पास से चोरी की एक स्कूटी, एक पिस्टल समेत तीन कारतूस मिले हैं।
Leave a comment