Shreyas Iyer Century: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत की इस शानदार जीत के हीरो कप्तान श्रेयस अय्यर रहे। अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 43 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए। उनकी इस पारी में चौकों और छक्कों की जमकर बारिश देखने को मिली। श्रेयस अय्यर का यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक है। कप्तान ने दबाव के समय शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। अय्यर की इस पारी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है। फैन्स के साथ-साथ उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है।
इंस्टाग्राम पर शेयर की तस्वीर
श्रेयस की बहन श्रेष्ठा अय्यर ने भी भाई के शतक पर खास अंदाज में खुशी जाहिर की। जैसे ही अय्यर ने अपना शतक पूरा किया, श्रेष्ठा ने इंस्टाग्राम पर उनकी तस्वीर शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "मुस्कुराइए, सरपंच साहब ने सेंचुरी बना दी।" उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर फैन्स को खूब पसंद आ रहा है और पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।
विराट कोहली का तोड़ा रिकॉड
अय्यर ने इस शतक के साथ विराट कोहली का एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड पहले विराट कोहली के नाम था। कोहली ने 2019 में हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 94 रन बनाए थे। अब अय्यर ने नाबाद 102 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
कैसा रहा मुकाबला?
मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 171 रन बनाए। शाई होप ने 52 और शेरफेन रदरफोर्ड ने 56 रन की पारी खेली। भारत की ओर से डेब्यू कर रहे नमन धीर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 31 रन देकर 3 विकेट लिए। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव को 2-2 विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सिर्फ 35 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी संभाली। दोनों के बीच 137 रन की शानदार साझेदारी हुई। अय्यर 102 और ईशान किशन 37 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 14.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 172 रन बनाए और 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Also read: हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी कप्तानी, भावुक होकर बोलीं- टीम के लिए अपना खेल तक कुर्बान किया