MP Chhatarpur Violence: थाने पर पथराव के बाद पुलिस का बुलडोजर एक्शन, शहजाद अली का आलीशान कोठी मिट्टी में मिला

MP Chhatarpur Violence: थाने पर पथराव के बाद पुलिस का बुलडोजर एक्शन, शहजाद अली का आलीशान कोठी मिट्टी में मिला

Police Action In Chhatarpur Violence: मध्य प्रदेश में बुधवार को करीब 400 लोगों की भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया था। भीड़ ने जमकर उपद्रव मचाया था। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें भी आई थी। अब इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने 150 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। इन सभी पर मुकदमा CCTV फुटेज के आधार पर दर्ज किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बुलडोजर एक्शन भी शुरु हो गया है। इसी क्रम में भीड़ का नेतृत्व कर रहे मस्तान साहब कॉलोनी के हाजी शहजाद अली के आलीशान कोठी पर बुलडोजर चला है। इस दौरान कोठी में रखी गाड़ियां भी बुलडोजर के जद में आकर चकनाचूर हो गई है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के रामगिरी महराज ने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित रुप से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसके विरोध में एक भीड़ पुलिस स्टेशन ज्ञापन देने पहुंची थी लेकिन तभी पथराव शुरु हो गया।

पुलिस का बयान आया सामने

बुधवार की घटना के बारे में छतरपुर DIG ललित शाक्यवार ने जानकारी देते हुए कहा कि धार्मिक नेता हाजी अली और सैय्यद जाव्द अली के नेतृत्व में करीब 300-400 लोग ज्ञापन सौंपने के लिए थाने पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ आक्रमक हो गई और करीब 10 मिनट तक पथराव होता रहा। पुलिस ने बाद में कार्रवाई करते हुए आंसू गैस के गोले दागे गए। DIG ने बताया कि इस पथराव में कोतवाली थाना प्रभारी अनिल कुजूर के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। इसके अलावा आरक्षक भूपेंद्र प्रजापति भी घायल हो गए हैं। सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है। इसके साथ ही DIG  ने जानकारी दी है कि उत्पात मचाने में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। इसके लिए CCTV फुटेज खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि दंगाईयों के विरुद्ध कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

सीएम का भी आया था बयान

इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'X' पर लिखा, ''आज छतरपुर जिले में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना मिलने पर तुरंत उच्च अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जवानों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। मध्यप्रदेश 'शांति का प्रदेश' है, कोई भी सुनियोजित तरीके से कानून को हाथ में ले यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैंने पुलिस के उच्च अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषियों की जल्द पहचान कर कठोर कार्यवाही की जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो. प्रदेश में शांति और सौहार्द बना रहे यही हमारी प्राथमिकता है।''

Leave a comment