
Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। यूक्रेन ने 30 दिनों के सीजफायर पर अपनी सहमति जताई है। बता दें कि सऊदी अरब में हुई एक अहम बैठक के बाद सामने आया है। इस बैठक में अमेरिकी और यूक्रेनी अधिकारियों ने शांति की दिशा में कदम बढ़ाने पर चर्चा की, जिसके परिणामस्वरूप यूक्रेन ने अमेरिका के प्रस्ताव को स्वीकार किया। इसके साथ ही, अमेरिका ने यूक्रेन को सैन्य सहायता और खुफिया जानकारी फिर से शुरू करने का ऐलान किया है, जो पहले कुछ समय के लिए रोक दी गई थी।
युद्ध विराम पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि यह सीजफायर सिर्फ हवा या समुद्र में ही नहीं बल्कि पूरे मोर्चे पर लागू होगा। उन्होंने कहा, ‘यूक्रेन इस प्रस्ताव को स्वीकार करता है, हम इसे सकारात्क मानते हैं और इसके लिए तैयार हैं। अब अमेरिका को रूस को इस समझौते पर सहमत करने की जरूरत है।यह सीजफायर तभी संभव है जब रूस इसे माने।
अब यह मॉस्को पर निर्भर करता है- अमेरिका
सऊदी अरब के जेद्दा में हुई इस वार्ता को शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अब गेंद रूस के पाले में है, यानी अब यह मॉस्को पर निर्भर करता है कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार करता है या नहीं। यूक्रेन के राष्ट्रपति के सहायक एंड्री यरमक ने भी इस बात पर जोर दिया कि शांति के साथ-साथ भविष्य में रूस के हमलों को रोकने के लिए सुरक्षा गारंटी जरूरी है।
रूस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
हालांकि, यह अभी शुरुआती चरण है, और रूस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। अगर रूस भी सहमत होता है, तो यह रूस-यूक्रेन युद्ध में एक अस्थायी राहत का रास्ता खोल सकता है, जो पिछले तीन साल से जारी है। सऊदी अरब का मध्यस्थता में बढ़ता रोल भी इस प्रक्रिया में अहम साबित हो रहा है।
Leave a comment