Kolkata Rape-Murder Case: रेजिडेंट डॉक्टरों ने फिर किया हड़ताल का ऐलान, IMA ने अस्पताल में हुई हिंसा पर बुलाई आपात बैठक

Kolkata Rape-Murder Case: रेजिडेंट डॉक्टरों ने फिर किया हड़ताल का ऐलान, IMA ने अस्पताल में हुई हिंसा पर बुलाई आपात बैठक

Resident Doctors ON Strike: बुधवार देर रात कोलकता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए हमले के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों ने बड़ा ऐलान किया है। अस्पताल में तोड़फोड़ के बाद गुरुवार को फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने बैठक करने के बाद एक बार फिर हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। इसके अलवा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी बुधवार को हुई घटना को लेकर आपात बैठक बुलाई है। गौरतलब है कि मंगलवार को ही फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के लोगों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करके हड़ताल खत्म किया था। अब एक बार फिर रेजिडेंट डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। बता दें, बीती रात आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हजारों लोगों की भीड़ ने घुस कर जमकर बवाल काटा था। हालांकि, पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज करने और आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद बवाल शांत हो पाया था।

राज्यपाल ने भी डॉक्टरों से की मुलाकात

गुरुवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई हैवानियत के विरोध में बैठे डॉक्टरों ने मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने प्रदर्शकारी और डॉक्टरों से भी मुलाकात की है। इस दौरान राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा, 'तुम्हें न्याय मिलेगा। मैं यहां आपको व्यक्तिगत रूप से सुनने आया हूं। हम इससे लड़ेंगे और जीतेंगे। हम लोग आपके साथ हैं। मैं स्वयं को आपकी सेवा में समर्पित कर दूंगा।'इसके साथ ही राज्यपाल ने अस्पताल और कॉलेज का भी दौरा किया था। वो उस स्थान पर भी गए, जहां उस रात महिला डॉक्टर के साथ बर्बरता किया गया था। साथ ही उन्होंने बीती रात हंगामे में जिस स्थान पर तोड़फोड़ हुई थाष वहां भी उन्होंने जाकर देखा।  

भाजपा ने कोलकता पुलिस पर उठाया सवाल

कोलकता अस्पताल में तोड़पोड़ होने के बाद पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि 'पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था नहीं है। जिस तरह से देर रात 2000-2500 गुंडे मेडिकल कॉलेज में घुस गए। डॉक्टरों को मारा। धमकी दी गई। पुलिस चुप बैठी रही। अगर कोई राज्य सरकार अपनी राजधानी में कानून व्यवस्था कायम नहीं कर पा रही तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है...सबूतों को मिटाने की कोशिश की गई... मैं कल आरजी कर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करूंगा।'साथ ही मजूमदार ने कहा कि ममता बनर्जी का इस्तीफा मांगने के लिए भाजपा की महीला मोर्चा की सदस्य सीएम आवास तक कैंडल मार्च निकालेगी।

जहां हुआ था रेप, उस जगह मचाई तबाही

आजादी के दिन से ऐन पहले कोलकता में जमकर उत्पात मचाई गई। आक्रशित भीड़ ने इमरजेंसी वार्ड के अंदर घुस कर खूब तबाही मचाई। इतना ही नहीं जहां मृतक डॉक्टर के साथ हैवानियत हुई थी, उस जगह को भीड़ ने तहस नहस कर दिया। इमरजेंसी वार्ड की खिड़की, बेड सहित तमाम मेडिकल इक्विपमेंट को तोड़ दिया गया। इस मामले पर कोलकता पुलिस ने कहा कि प्रदर्शकारियों की भीड़ में करीब 40 लोगों का समूह शामिल था, जिन्होंने ये तोड़फोड़ मचाई थी। कोलकता के पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने इस घटना पर कहा कि अस्पताल में पुलिसकर्मियों की संख्या में कमी थी, इसी कारण उग्र भीड़ अंदर प्रवेश कर गई। हालांकि, पुलिस ने भीड़ पर काबू करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े थे। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि  रेप और मर्डर केस पर पुलिस ने पूरी ताकत के साथ काम किया लेकिन लगातार फैलाई जा रही अफवाह के कारण हालात बेकाबू हो गये।

टीएमसी का बयान आया सामने

तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, मैंने कमिश्नर गोयल से बात की और उनसे यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि आज की हिंसा के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की जाए, उसे जवाबदेह ठहराया जाए और अगले 24 घंटों के भीतर कानून के दायरे में लाया जाए। भले ही वो किसी भी राजनीतिक दल से संबंध रखता हो। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आज रात आरजी कर में गुंडागर्दी और बर्बरता सभी स्वीकार्य सीमाओं को पार कर गई है। अभिषेक बनर्जी ने कहा, प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की मांगें उचित हैं। उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

Leave a comment