
Jaipur Toddler Refuses To Leave Kidnapper: राजस्थान के जयपुर से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक बच्चा 14 महीने तक अपने अपहर्ता के साथ रहा। जब पुलिस ने बच्चे को बरामद किया, तो दोनों की भावनाएं छिपा न सकीं। बच्चा अपने किडनैपर से अलग होने को तैयार नहीं था, और किडनैपर की आंखों में भी आंसू थे। आरोपी, जो बच्चे की मां का रिश्तेदार था, उसने दावा किया कि वह बच्चे का असली पिता है।
बता दें कि, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में दिखाया गया है कि पुलिस बच्चे को किडनैपर से लेने की कोशिश कर रही है, जबकि बच्चा जोर-जोर से रोते हुए किडनैपर से लिपटा हुआ है। किडनैपर भी बच्चे को छोड़ने को तैयार नहीं था। अंत में पुलिस ने बच्चे को किडनैपर से अलग किया और उसकी मां के पास ले गई, लेकिन बच्चा चुप नहीं हुआ।
बच्चा करीब 14 महीने तक आरोपी के पास रहा और इस दौरान उसने आरोपी से गहरा लगाव बना लिया। तनुज चाहर, जो उत्तर प्रदेश का हेड कांस्टेबल था और अब सस्पेंड हो चुका है, उसने बच्चे की पूरी देखभाल की। जयपुर पुलिस ने तनुज को अलीगढ़ से गिरफ्तार किया।
अपहरण की घटना की शुरुआत
14 जून 2023 को, तनुज ने 11 महीने के बच्चे पृथ्वी का अपहरण किया। वह बच्चे की मां पूनम चौधरी का ममेरा भाई था और उसे और उसकी मां को अपने साथ रखना चाहता था। जब पूनम ने साथ जाने से इनकार कर दिया, तो तनुज ने बच्चे का अपहरण कर लिया। घटना के दौरान, उसने पूनम के भाई को भी चोट पहुंचाई।
आरोपी का मकसद और धमकियां
आरोपी तनुज ने पूनम और बच्चे को अपने पास रखने के लिए लगातार दबाव बनाया और धमकियां दीं। उसने महिला को बार-बार कॉल करके परेशान किया और नौकरी से निलंबित होने के बावजूद अपनी जिद पर अड़ा रहा। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया, लेकिन तनुज का पता नहीं चला।
तनुज की पहचान और पकड़े जाने की प्रक्रिया
तनुज ने अपने हुलिए को बदलकर साधु का भेष धारण कर लिया और मथुरा-वृंदावन में कुटिया बना ली। बच्चा भी उसके साथ था और वह उसे साधु बनाकर घुमाता था। पुलिस ने तनुज की तलाश करने के लिए साधु का भेष भी धारण किया, लेकिन आरोपी को पुलिस की उपस्थिति का पता चल गया और उसने बच्चे को लेकर जंगल की ओर भाग गया।
27 अगस्त को, पुलिस ने तनुज का पीछा किया और अंत में उसे बच्चे के साथ पकड़ लिया। उसे जयपुर लाया गया, जहां बच्चे के माता-पिता थाने पहुंचे। जब पुलिस ने बच्चे को माता-पिता को सौंपने की कोशिश की, तो बच्चा किडनैपर के गले से लिपट गया और जोर-जोर से रोने लगा। इस भावुक पल ने सभी को प्रभावित किया और दिखाया कि बच्चे और किडनैपर के बीच का बंधन कितना गहरा था।
Leave a comment