Rahul Gandhi Targets Amit Shah: राहुल गांधी का गृह मंत्री अमित शाह पर शायराना हमला, ट्वीट कर रक्षा नीति पर सवाल उठाया

Rahul Gandhi Targets Amit Shah: राहुल गांधी का गृह मंत्री अमित शाह पर शायराना हमला, ट्वीट कर रक्षा नीति पर सवाल उठाया

नई दिल्ली: कोरोना संकट को लेकर सरकार और विपक्ष में आजकल वार-पलटवार का दौर चल रहा है. कांग्रेस लगातार सरकार को कोरोना और इकोनाॅमी पर घेरने में लगी है तो बीजेपी राहुल पर बातों ही बातों पर तंज कसती नजर आती है. रविवार को एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा. भारत की रक्षा नीति को लेकर दिए गए शाह के बयान पर राहुल ने तंज कसा. बता दें कि हाल ही में राहुल ने चीन के साथ सीमा विवाद के मसले को लेकर सरकार से कई सवाल पूछे हैं. राहुल गांधी ने अमित शाह के एक बयान को कोट करते हुए ट्वीट किया कि सब को मालूम है ‘सीमा’ की हकीकत लेकिन, दिल के खुश रखने को, ‘शाह-यद’ ये खयाल अच्छा है. 

सब को मालूम है ‘सीमा’ की हक़ीक़त लेकिन,
दिल के ख़ुश रखने को, ‘शाह-यद’ ये ख़्याल अच्छा है।https://t.co/cxo9mgQx5K

— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 8, 2020
दरअसल गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि भारत की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिली है. संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल के बाद पूरी दुनिया इस बात से सहमत है कि यदि कोई अन्य देश अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है, तो यह भारत है. इससे पहले राहुल ने चीन के साथ सैन्य गतिरोध को लेकर सवाल किया था. राहुल गांधी ने पूछा था कि क्या सरकार इस बात की पुष्टि कर सकती है कि किसी भी चीनी सैनिक ने भारत में प्रवेश नहीं किया है. बता दें कि राहुल गांधी ने 29 मई को केंद्र सरकार पर हमला बोला था, एक ट्वीट में, राहुल गांधी ने कहा था कि चीन के साथ सीमा की स्थिति के बारे में सरकार की चुप्पी संकट के समय में भारी अटकलों और अनिश्चितता को हवा दे रही है. भारत सरकार को स्पष्ट करना चाहिए और भारत को बताना चाहिए कि वास्तव में क्या हो रहा है.
 
लद्दाख में क्या हो रहा है स्पष्ट किया जाना चाहिए : राहुल
 
एक बार पहले भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 26 मई को पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा था कि सीमा पर क्या हुआ, इसकी जानकारी सरकार को लोगों के साथ शेयर करना चाहिए. उन्होंने कहा कि नेपाल के साथ क्या हुआ और क्यों हुआ, लद्दाख में क्या हो रहा है ये सब स्पष्ट किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा था कि लद्दाख और चीन का मुद्दा एक जीवंत मुद्दा है. यहां पारदर्शिता की आवश्यकता है. बहरहाल राहुल भले ही केंद्र पर हमले करते नजर आते हैं पर सरकार की तरफ से कोई न कोई बीजेपी नेता उनको जवाब देता रहा है. फिलहाल इसके जवाब में बीजेपी की तरफ से क्या जवाब आता है इस पर सबकी नजर है.
 
 

Leave a comment