Punjab News: पंजाब के तरन तारन जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े गांव तूत के सरपंच अश्वनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को हुई इस वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें बाइक सवार दो हमलावर सरपंच की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। हमले में कार में मौजूद उनके ड्राइवर चमकौर सिंह को भी गोली लगी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले में वांछित आरोपियों की तस्वीरें जारी कर उनकी तलाश तेज कर दी है। वहीं, हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सरपंच अश्वनी अपने ड्राइवर चमकौर सिंह के साथ तूत की अनाज मंडी से भंगाला की अनाज मंडी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तूत चौराहे के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी कार को निशाना बनाया। आरोप है कि दोनों हमलावरों ने चेहरे ढक रखे थे और अचानक कार पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
सरपंच की छाती में लगीं चार गोलियां, ड्राइवर घायल
फायरिंग में सरपंच अश्वनी की छाती में चार गोलियां लगीं, जबकि उनके ड्राइवर चमकौर सिंह की बाजू में दो गोलियां लगीं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सरपंच अश्वनी को मृत घोषित कर दिया। घायल ड्राइवर का इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव तूत और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
घायल ड्राइवर चमकौर सिंह के मुताबिक, वे अनाज मंडी से निकलकर जा रहे थे। जैसे ही कार चौराहे के पास पहुंची, बाइक सवार युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में सरपंच और वह खुद घायल हो गए। पुलिस अब ड्राइवर के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश
हत्या की वारदात का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फुटेज में बाइक सवार हमलावर कार पर गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने थाना सदर पट्टी के अंतर्गत गांव तूत में हुई इस वारदात के संबंध में वांछित आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं। आम लोगों से अपील की गई है कि आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य कारण की आशंका समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
तरन तारन पुलिस ने आरोपियों के बारे में जानकारी देने के लिए डीएसपी पट्टी और एसएचओ सदर पट्टी के संपर्क नंबर जारी किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सूचना देने के लिए डीएसपी पट्टी से 9780003334 और एसएचओ सदर पट्टी से 9592048900 पर संपर्क किया जा सकता है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also read: अमृतसर के नहर में आई दरार...सड़कों और रिहायशी इलाकों में घुसा पानी, मौके पर पहुंची प्रशासन की टीमें