संभल हिंसा में फेंके गए पत्थरों से किया गया पुलिस चौकी का निर्माण, वैदिक मंत्रों के साथ होगा उद्घाटन

संभल हिंसा में फेंके गए पत्थरों से किया गया पुलिस चौकी का निर्माण, वैदिक मंत्रों के साथ होगा उद्घाटन

Sambhal Violence: उत्तर प्रदेश के संभल हुई हिंसा के दौरान फेंके गए पत्थर अब इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की नई पहचान बन गई है। राज्य के नखासा थाना क्षेत्र के दीपा सराय में मुस्लिम आबादी के बीच बनी नई पुलिस चौकी उन्हीं पत्थरों से बनाई गई। पुलिस प्रशासन ने हिंसा में इस्तेमाल हुए पत्थरों को कानून-व्यवस्था की मजबूती का प्रतीक बनाते हुए चौकी निर्माण में इस्तेमाल किया। वहीं, अब ये चौकी उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार है। इसका उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन-पूजन और दुर्गासप्तशती पाठ के साथ किया जाएगा।

हिंसा के मास्टरमाइंड के घर के पास बनी चौकी

बता दें कि ये उस जगह से लगभग 300 मीटर की दूरी पर बनाई गई है, जहां दुबई में बैठे संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा का घर है। घटनाओं के बाद से प्रशासन लगातार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रहा है। इसी दिशा में ये चौकी एक बड़ी कदम मानी जा रही है।

संभल हिंसा के बाद एसपी केके विश्नोई ने कहा था कि दंगाइयों द्वारा फेंके गए पत्थरों को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा। इन्हीं पत्थरों से पुलिस चौकियां बनाई जाएंगी, ताकि हिंसा के अवशेष भविष्य के लिए एक संदेश बन सकें कि कानून से खिलवाड़ की कोई भी कोशिश अंततः व्यवस्था को और मजबूत ही करेगी।

मुस्लिम आबादी के बीच बनी चौकी

वहीं, अब ये बात जमीन पर उतर चुकी है और चौकी का निर्माण हो चुका है। दीपा सराय चौक पर बनाई गई ये चौकी मुस्लिम आबादी के बीच स्थित है। स्थानीय लोगों के बीच इसे लेकर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं हैं। प्रशासन का मानना है कि पुलिस चौकी से क्षेत्र में सुरक्षा, निगरानी और कानून-व्यवस्था बेहतर होगी।

उद्घाटन में डीएम और एसपी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण से होगी, उसके बाद हवन-पूजन और दुर्गासप्तशती का पाठ होगा। प्रशासन का कहना है कि उद्घाटन पारंपरिक शुभारंभ की पद्धति के रूप में आयोजित किया जा रहा है। संभल हिंसा के बाद लगातार बनाए गए ऐसे कई पुलिस स्ट्रक्चर अब जिले में सुरक्षा के स्थायी स्तंभ बन रहे हैं। 

Leave a comment