
Pinaka Rocket: इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। फ्रांस पहुंचते ही पीएम मोदी ने एलिसी पैलेस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ डिनर किया। इसके बाद अब पीएम मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ एक AI एक्शन समिट में शामिल होंगे। इसी के साथ भारत और फ्रांस के बीच महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बातचीत भी होगी। इस बातचीत से भारत-फ्रांस के रणनीतिक मुद्दों को एक नई गति मिलेगी।
इसके अलावा राष्ट्रपति मैक्रों पीएम मोदी के साथ भारत के पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट सिस्टम को लेकर भी डील कर सकते हैं। ऐसा पहली बार होगा, जब भारत का दूसरा सबसे बड़ा हथियार आपूर्तिकर्ता देश उससे ही हथियार की खरीदी करेगा।
पिनाका रॉकेट पर फिदा हुआ फ्रांस
बता दें, भारत दुनिया का सबसे ज्यादा हथियार खरीदने वाला देश है। लेकिन इसी के साथ भारत ने मेक इन इंडिया के तहत हथियारों के उत्पादन को भी बढ़ावा दिया है। इसी वजह से फ्रांस ने भी भारत के पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट सिस्टम में दिलचस्पी दिखाई है।
न्यूज एजेंसी की मानें तो फ्रांस भारत के पिनाका रॉकेट को लेकर बातचीत कर रहा है। लेकिन अभी तक कोई डील नहीं हुई है। न्यूज एजेंसी ने ये भी बताया कि बीते 3 महीने पहले फ्रांस से आए एक डेलीगेशन को पिनाका रॉकेट सिस्टम दिखाया गया था। जो उन्हें पसंद भी आया था।
पिनाका रॉकेट सिस्टम की खासियत
पिनाका का नाम भगवान शिव के धनुष 'पिनाक' के नाम पर रखा गया है। भारत का पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट सिस्टम डीआरडीओ द्वारा बनाया गया है। इस सिस्टम की खासियत ये है कि यह 44 सेकेंड में 12 रॉकेट लॉन्च कर सकता हैं। ये रॉकेट दुश्मनों के ठिकाने को कुछ ही पलों में बर्बाद कर सकता हैं। इसके अलावा इसकी रेंज 7 किमी से लेकर 90 किमी की है।
इस रॉकेट लॉन्चर के तीन वैरिएंट हैं। पहला वैरिएंट MK-1 है, 45 किमी तक टारगेट करता है। दूसरा वैरिएंट MK-2 है, जो 90 किमी तक टारगेट करता है। तो वहीं, तीसरा वैरिएंट MK-3 है, जिस पर अभी भी काम चल रहा है। इसकी रेंज 120 किमी बताई जा रही है।
पिनाका रॉकेट की स्पीड
पिनाका रॉकेट की स्पीड 5757.70 किमी प्रति घंटा है। यानी इससे दागा गया रॉकेट एक सेकेंड में 1.61 किमी की स्पीड से हमला करता है। इसी के साथ रॉकेट 100 किलो तक के हथियार उठाने में भी सक्षम हैं।
Leave a comment