Patna Double Murder: मातम में बदली शादी की खुशियां, बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दूल्हे के जीजा और भाई की मौत

Patna Double Murder: मातम में बदली शादी की खुशियां, बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दूल्हे के जीजा और भाई की मौत

Patna Double Murder: बिहार के पटना से डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक शादी में बदमाशों ने दूल्हे के भाई और जीजा की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। जिस दौरान ये घटना हुई उस वक्त जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। घटना के होने के बाद मैरिज हॉल में हड़कंप मच गया।

 घटना की जानकारी मिलने पर आनन फानन में पुलिस पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। इस घटना के बाद दोनों पक्ष बिना शादी के वापस लौट गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

छह गोलियों के खोखे बरामद

ये पूरा मामला पटना के दानापुर स्थित खगौल इलाके का है। जहां बीती रात शादी समारोह चल रहा था। बारात में कुछ लोग जबरन घुस आए और बवाल काटने लगे। फिर अचानक उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में दूल्हे के जीजा और भाई को गोली लग गई। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत हो गई। ये बारात जमुई के मलयपुर से आई थी तो वहीं दुल्हन पक्ष बक्सर जिले का है। पुलिस ने घटनास्थल से छह गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं।

छापेमारी की जा रही

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दानापुर के खगौल इलाके में रात करीब 1:30 बजे कैंट स्थित रुद्र मैरिज हॉल के पास दो व्यक्तियों को गोली मार दी गई। अस्पताल ले जाते समय दोनों की मौत हो गई। मृतक का नाम सर्वेंदु कुमार सिंह और गोल्डन सिंह है। लड़के पक्ष की तरफ से जमुई जिले से लोग आए थे। जबकि दुल्हन पक्ष बक्सर जिले से आया हुआ था। गोली मारने वाले आरोपी भी बारात में ही शामिल थे। आरोपियों की पहचान हो गई है। उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a comment