Maharashtra MLC Elections 2026: महाराष्ट्र विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव की तैयारी जोरों-शोरों से चल रही है। इसी बीच, भाजपा ने तीन उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने लिस्ट जारी कर करते हुए उम्मीदवारों के नाम से पर्दा उठा दिया है। बता दें, 23 अक्टूबर को पांच सीटों पर मतदान होना है। तो चलिए जानते है भाजपा ने किन तीन उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट
बता दें, महाराष्ट्र में होने वाले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विधान परिषद (MLC) चुनाव 2026 के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आज 04 अक्टूबर रविवार को लिस्ट जारी करते हुए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी मे दो स्नातक और एक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट के लिए प्रत्याशी उतारे हैं। पुणे विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉक्टर स्मिता योगेश जाधव को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सुधाकर विठ्ठलराव कोहळे और पुणे विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कौस्तुभ मुरलीधर गावडे को मौका दिया गया है।
मालूम हो कि द्विवार्षिक चुनाव पांच विधान परिषद सीटों के लिए हो रहे हैं, जिनके वर्तमान सदस्य 06 दिसंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। मतदान के लिए आने वाले निर्वाचन क्षेत्रों में औरंगाबाद (संभाजी नगर), पुणे और नागपुर डिवीजन से तीन स्नातक सीटें और अमरावती और पुणे डिवीजन से दो शिक्षक सीटें शामिल हैं।
Also read: पंजाब चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल को बड़ा झटका, AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ समेत 2 नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
कांग्रेस ने भी 3 क्षेत्रों में उम्मीदवारों को दिया टिकट
इसके अलावा भाजपा को टक्कर देने के लिए कांग्रेस भी मैदान में खड़ी है, जिसके लिए पार्टी पहले ही पांच में से तीन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। बता दें, कांग्रेस ने नागपुर डिवीजन के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिजीत वंजारी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा पुणे डिवीजन के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जयंत दिनकर असगांवकर को पुनः नामांकित किया है। अदिति पोहरे को अमरावती मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी का उम्मीदवार नामित किया गया है।
नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, औपचारिक अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की गई थी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 07 अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। सभी पांच निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।
ये पांच निर्वाचन क्षेत्र हैं: औरंगाबाद मंडल स्नातक, पुणे मंडल स्नातक, नागपुर मंडल स्नातक, अमरावती मंडल शिक्षक और पुणे मंडल शिक्षक। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों के लिए चुनाव आयोग के कार्यक्रम के तहत आयोजित किए जा रहे हैं। सभी संबंधित औपचारिकताओं सहित चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होने की उम्मीद है।