यात्रियों की मुश्किलें बरकरार...IndiGo की कई उड़ानें रद्द, अगले 2-3 दिन तक उथल-पुथल जारी रहने के आसार

यात्रियों की मुश्किलें बरकरार...IndiGo की कई उड़ानें रद्द, अगले 2-3 दिन तक उथल-पुथल जारी रहने के आसार

IndiGo Flights Cancellation:भारतीय विमानन उद्योग में हलचल मचाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट कैंसिलेशन की समस्या ने अब चरम पर पहुंच गया है। दिसंबर 2025 की ठंडी हवाओं के बीच न केवल यात्री परेशान हैं, बल्कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भी कंपनी पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों के अमल से पैदा हुई क्रू की कमी के कारण पिछले चार दिनों में सैकड़ों उड़ानें रद्द हो चुकी हैं और आने वाले 2-3 दिनों में यह सिलसिला और तेज होने की आशंका है। सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू ने खुद हस्तक्षेप करते हुए DGCA को नेटवर्क पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं, जो कंपनी की लापरवाही पर नियामक का गुस्सा साफ जाहिर करता है।

नए नियमों का बोझ और प्लानिंग की चूक

बता दें, इंडिगो की मुश्किलें 01 नवंबर से लागू हुए फेज-2FDTL नियमों से शुरू हुईं, जो पायलटों की ड्यूटी घंटों और रेस्ट पीरियड को और सख्त बनाते हैं। खासकर नाइट फ्लाइट्स के लिए क्रू की जरूरत का अनुमान गलत लगाने से रात की उड़ानों में कमी हो गई, जबकि विंटर सीजन में स्लॉट्स सीमित और मौसम की चुनौतियां बढ़ गईं। कंपनी ने स्वीकार किया है कि क्रू उपलब्धता में कमी और शेड्यूलिंग गैप्स के कारण यह संकट गहराया है। नवंबर में ही 1,232 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें से 755 क्रू संबंधी कारणों से थीं। जिस वजह से 04 दिसंबर को पूरे देश में 550 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि 5 दिसंबर को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर ही 102 उड़ानें (52 आगमन और 50 प्रस्थान) रद्द कर दी गईं। मुंबई (85), हैदराबाद (68), चेन्नई (31) और दिल्ली (30) जैसे प्रमुख हब्स पर भी यही हाल रहा। इस वजह से यात्रियों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

DGCA का सख्त रुख

दूसरी तरफ, DGCA ने इंडिगो की इस 'ऑपरेशनल फेलियर' पर कड़ा रुख अपनाया है। कंपनी को क्रू भर्ती और विमान जोड़ने का रोडमैप, संशोधित स्थिरीकरण योजना, हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट और FDTL छूट की डिटेल्स जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर ग्राउंड इंस्पेक्शन में स्टाफ की कमी पाई गई, जिसके बाद अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और यात्री सहायता मजबूत करने का आदेश जारी हुआ। सिविल एविएशन मंत्री ने कहा 'मैंने मिनिस्ट्री और DGCA के सीनियर अधिकारियों के साथ इंडिगो के ऑपरेशंस की समीक्षा की।

DGCA को नेटवर्क पर करीबी नजर रखने और इंडिगो को जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए हैं।' DGCA अब रीयल-टाइम मॉनिटरिंग कर रहा है, हवाई किरायों पर नजर रखी जा रही है ताकि कैंसिलेशन से फायदा न उठाया जाए, और फंसे यात्रियों को एयरपोर्ट्स से सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। यह कदम कंपनी पर नियामक के गुस्से को दर्शाते हैं, जो विमानन सुरक्षा और यात्री सुविधा पर जोर देता है।

Leave a comment