
Rule Changes From September: हर महीने की शुरुआत के साथ कुछ नए नियम और बदलाव लागू होते हैं, जो आम लोगों की जिंदगी और जेब को प्रभावित करते हैं। 01 सितंबर 2025 भी इससे अछूता नहीं है। इस महीने में भी कई जरूरी नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जो आपकी रोजमर्रा की जिंदगी, बैंकिंग, निवेश और खर्चों पर असर डाल सकते हैं। आइए, इन बदलावों के बारे में जानते हैं।
1. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतें बदलती है। इस बार भी 01 सितंबर 2025 को घरेलू (14.2 किलो) और कमर्शियल (19 किलो) सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हो सकता है। यह बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और तेल कंपनियों की लागत पर निर्भर करेगा। अगर कीमतें बढ़ती हैं, तो आपके रसोई के बजट पर असर पड़ सकता है। वहीं, अगर कीमत कम होती हैं, तो राहत मिल सकती है।
2. चांदी पर अनिवार्य हॉलमार्किंग
सोने की तरह अब चांदी के गहने और बर्तनों पर भी हॉलमार्किंग अनिवार्य होने जा रही है। 01 सितंबर 2025 से लागू होने वाले इस नियम का मकसद चांदी की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। इससे ग्राहकों को नकली या कम शुद्धता वाली चांदी से बचाव होगा और बाजार में पारदर्शिता बढ़ेगी। हालांकि, इस बदलाव से चांदी की कीमतों में मामूली उतार-चढ़ाव भी गो सकते है। जानकारी के अनुसार, शुरू में यह नियम वॉलेंटरी होगा, यानी ग्राहकों को हॉलमार्क वाली या बिना हॉलमार्क वाली ज्वेलरी खरीदने का विकल्प मिलेगा।
3. SBI क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने अपने क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए नए नियम लागू करने की घोषणा की है। 01 सितंबर से डिजिटल गेमिंग प्लेटफॉर्म (जैसे Dream11, MPL), सरकारी लेनदेन और कुछ खास व्यापारियों पर किए गए खर्च पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे। इसके अलावा ऑटो-डेबिट फेल होने पर 2% पेनल्टी और अंतरराष्ट्रीय लेनदेन व फ्यूल खरीद पर अतिरिक्त शुल्क लग सकता है। ऑनलाइन शॉपिंग पर रिवॉर्ड पॉइंट्स की वैल्यू भी कम हो सकती है। इसलिए क्रेडिट कार्ड यूजर्स को अब अपने खर्चों पर ज्यादा सावधानी बरतनी होगी।
4. ATM निकासी पर नए शुल्क
कई बैंक 01 सितंबर से ATM से नकदी निकासी के नियमों में बदलाव कर रहे हैं। अगर आप तय सीमा से ज्यादा बार नकद निकालते हैं, तो अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। यह कदम डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया है। इसलिए, अनावश्यक कैश निकासी से बचें और डिजिटल पेमेंट जैसे UPI, कार्ड या नेट बैंकिंग का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।
5. डाक सेवाओं में बदलाव
भारतीय डाक विभाग ने रजिस्टर्ड पोस्ट और स्पीड पोस्ट सेवाओं को एक करने का फैसला किया है। 01 सितंबर से रजिस्टर्ड पोस्ट की अलग सेवा बंद हो जाएगी और सभी डाक स्पीड पोस्ट की श्रेणी में भेजी जाएगी। इससे डाक सेवाएं तेज और ट्रैकिंग के साथ ज्यादा विश्वसनीय होंगी। लेकिन लागत में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
6. आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की आखिरी तारीख
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने नौकरीपेशा लोगों के लिए ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 सितंबर 2025 कर दी है। ऐसे में अगर आपने अभी तक अपनी रिटर्न फाइल नहीं की है, तो आपके पास 15 सितंबर तक का समय है।
7. GST नियमों में संभावित बदलाव
GST काउंसिल की 56वीं बैठक 03 और 04 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाली है। ताजा जानकारी के अनुसार, मौजूदा चार टैक्स स्लैब (5%, 12%, 18%, 28%) को घटाकर दो स्लैब (5% और 12%) करने पर विचार हो सकता है। अगर यह बदलाव लागू होता है, तो कई रोजमर्रा की चीजें सस्ती हो सकती हैं, जिससे आम लोगों को राहत मिलेगी।
8. फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) ब्याज दरों में बदलाव
कुछ बैंकों जैसे इंडियन बैंक और IDBI बैंक, ने अपनी खास FD योजनाओं को सितंबर की शुरुआत तक सीमित कर दिया है। अगर आप अधिक ब्याज दर का फायदा उठाना चाहते हैं, तो जल्दी निवेश करें। इसके अलावा कुछ बैंकों में FD ब्याज दरों की समीक्षा हो सकती है, जिससे दरें कम हो सकती हैं।
9. CNG और पीएनजी की कीमत
हर महीने की तरह 01 सितंबर को CNG और पीएनजी गैस की कीमतों की भी समीक्षा होगी। पिछले कुछ महीनों से इनके दाम स्थिर थे, लेकिन अब बदलाव की संभावना है। अगर कीमतें बढ़ती हैं, तो वाहन चलाने और घरेलू गैस के खर्च में इजाफा हो सकता है। वहीं, कीमतें कम होने पर उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
10. टेलीकॉम नियमों में बदलाव
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने फर्जी कॉल और स्पैम मैसेज से निपटने के लिए नए नियम लागू किए हैं। 01 सितंबर से टेलीमार्केटिंग सेवाओं को ब्लॉकचेन-आधारित सिस्टम में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 30 सितंबर तक पूरी हो जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को अनचाहे कॉल और मैसेज से राहत मिलेगी।
Leave a comment