
Murder Of Minor In Jaunpur: जौनपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय नाबालिग की तलवार से काटकर हत्या कर दी गई है। मृतक नाबालिग का नाम अनुराग यादव है। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दबंगों ने अनुराग का गला तलवार से काटकर हत्या कर दी। ये घटना जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरुद्दीनपुर की है। बता दें कि, अनुराग यादव अपने 4बहनों में इकलौता भाई था। वह पढ़ाई के साथ-साथ ताइक्वांडो का भी खिलाड़ी था। इस निर्मम हत्याकांड के बाद जौनपुर में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि अनुराग की हत्या उसके पड़ोसी ने की है। इस घटना पर जौनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चंद्र और पुलिस कप्तान ( एसपी ) अजय पाल शर्मा ने बयान जारी किया है। पुलिस कप्तान ने कहा कि जमीनी विवाद को लेकर हत्या की गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
वहीं, आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा ने कहा कि अनुराग की हत्या करने वाले अपराधी को सख्त सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले की न्यायिक जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट जारी की जाएगी। आईपीएस अजय शर्मा ने कहा कि दुख की इस घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है और इस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
विपक्ष हुआ सरकार पर हमलावर
जौनपुर की घटना के बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार और अपराधी में एक अजीब सा संबंध है। उन्होंने कहा कि सरकार कमजोर होती जा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि अपराधी ताकतवर और सक्रिय होते जा रहे हैं।
Leave a comment