बोंडी बीच जैसी घटना दक्षिण अफ्रीका में दोहराई गई, अंधाधुंध हुई फायरिंग; 9 की मौत

बोंडी बीच जैसी घटना दक्षिण अफ्रीका में दोहराई गई, अंधाधुंध हुई फायरिंग; 9 की मौत

South Africa Shooting: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पास रविवार, 21 दिसंबर तड़के अज्ञात बंदूकधारियों ने बार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये इस महीने दक्षिण अफ्रीका में हुई दूसरी बड़ी गोलीबारी की घटना है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस के मुताबिक, ये हमला जोहान्सबर्ग से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित बेक्कर्सडाल इलाके में हुआ। ये क्षेत्र एक पुराना सोने की खदान वाला इलाका है। घटना रविवार सुबह करीब 1 बजे हुई, जब करीब एक दर्जन हमलावर दो गाड़ियों में सवार होकर एक टैवर्न (बार) पहुंचे और वहां मौजूद लोगों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

मृतकों की संख्या की गई कम

पुलिस ने पहले 10 लोगों की मौत की पुष्टि की थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या घटाकर 9 कर दी गई। पुलिस बयान के अनुसार, हमलावरों ने बार के अंदर मौजूद ग्राहकों पर फायरिंग की और भागते समय भी इधर-उधर अंधाधुंध गोलियां चलाते रहे। मरने वालों में एक ऑनलाइन कैब सेवा का ड्राइवर भी शामिल है, जो बार के बाहर खड़ा था। ये जानकारी प्रांतीय पुलिस आयुक्त मेजर जनरल फ्रेड केकाना ने दक्षिण अफ्रीका के सरकारी चैनल SABC को दी।

आए दिन होती है गोलीबारी की घटनाएं

घटना के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल किसी भी हमलावर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और हमले के पीछे की वजह भी साफ नहीं हो पाई है। दक्षिण अफ्रीका पहले से ही गंभीर अपराध और संगठित गिरोहों की समस्या से जूझ रहा है। यहां गोलीबारी की घटनाएं आम हैं, जिनके पीछे अक्सर गैंगवार, अवैध कारोबार और आपसी विवाद होते हैं। यही कारण है कि देश में हत्या की दर दुनिया में सबसे ज्यादा मानी जाती है।

कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास सॉल्सविले इलाके में एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में 12 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें एक तीन साल का बच्चा भी शामिल था। पुलिस के अनुसार, वहां अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर के बीच हर दिन औसतन 63 लोगों की हत्या हुई। इनमें से ज्यादातर मौतें आपसी झगड़ों, लूटपाट और गैंग हिंसा के कारण हुईं। यह घटना एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। 

Leave a comment