
Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र के चुनावी माहौल में चर्चित अधिकारी समीर वानखेड़े अब राजनीतिक मैदान में कदम रखने जा रहे हैं। खबरें हैं कि वे मुंबई की धारावी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। इस संबंध में उनकी एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ बातचीत भी पूरी हो गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार,एकनाथ शिंदे की शिवसेना, महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और अजित पवार की एनसीपी के साथ मिलकर चुनावी मुकाबला करने की योजना बना रही है।
इस्तीफे के संकेत, राजनीति में शुरू कर सकते हैं नया अध्याय
समीर वानखेड़े अपनी नौकरी से इस्तीफा देने की प्रक्रिया में हैं। इस्तीफा देने के बाद वे शिवसेना (शिंदे) में शामिल हो सकते हैं। जिस सीट से चुनाव लड़ने की बात हो रही है, वह मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड की पारंपरिक सीट है। धारावी से पहले, वर्षा गायकवाड विधायक रह चुकी हैं, और 2024 में वे लोकसभा में पहुंच चुकी हैं।
2019 के चुनाव में शिवसेना के आशीष वसंत मोरे ने इस सीट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें वर्षा गायकवाड के हाथों बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। अब महायुति इस सीट को एक हॉट सीट बनाने के प्रयास में है।
आर्यन और रिया केस के बाद सुर्खियों में आए वानखेड़े
समीर वानखेड़े को रिया चक्रवर्ती और शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के मामलों के कारण सुर्खियों में देखा गया था। उस समय वे मुंबई नारकोटिक्स विभाग में कार्यरत थे। हालांकि, 2023 में वानखेड़े खुद विवादों में घिर गए और उनके खिलाफ बैक-टू-बैक दो बड़े एक्शन लिए गए। पहले उन्हें विभाग ने निलंबित किया और फिर फरवरी 2024 में प्रवर्तन निदेशालय ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बावजूद इसके, अप्रैल 2024 में कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी।
कैसा रहा है समीर वानखेड़े का सफर
महाराष्ट्र के मुंबई में जन्मे समीर वानखेड़े 2008 बैच के IRS अधिकारी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुंबई से ही प्राप्त की। उनकी अंतिम बड़ी तैनाती नारकोटिक्स विभाग के जोनल चीफ के रूप में हुई थी। उनके करियर में 17 हजार किलो ड्रग्स जब्त करने का रिकॉर्ड भी शामिल है। वानखेड़े कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच कर चुके हैं, जिनमें सुशांत सिंह ड्रग्स केस और आर्यन खान केस प्रमुख हैं।
Leave a comment