
Nagpur Violence: महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार रात हिंसा भड़क गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। लेकिन सबसे शर्मनाक बात यह रही कि कुछ दंगाइयों ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
एक महिला पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात थी, तभी अचानक भीड़ में मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने अंधेरे का फायदा उठाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। बदमाशों ने उसकी वर्दी खींचने की कोशिश की और जबरदस्ती छूने का प्रयास किया। महिला पुलिसकर्मी ने बहादुरी दिखाते हुए इसका विरोध किया और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद नागपुर के गणेश पेठ पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शिकायत में यह भी बताया गया कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने अन्य महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। उन्होंने उन्हें देखकर भद्दे इशारे किए और अश्लील टिप्पणियां कीं।
दंगाइयों के हमले से शहर में नुकसान, प्रशासन ने शुरू की जांच
हिंसा के दौरान कई वाहनों, दुकानों और घरों को नुकसान पहुंचा। दंगाइयों ने कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
प्रशासन ने इस नुकसान का आकलन करने के लिए संबंधित विभागों को आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने जल्द से जल्द पंचनामा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान की सही रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और नागपुर के प्रभारी मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने भी कहा कि सभी का सही आकलन किया जाएगा। नुकसान की पूरी रिपोर्ट तैयार होने के बाद इसे सरकार को सौंपा जाएगा ताकि पीड़ितों को उचित सहायता दी जा सके।
नागपुर पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। दोषियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Leave a comment