Kolkata Rape Case: "मुझे पैसा ऑफर किया गया...', कोलकाता रेप पीड़िता की मां ने ममता बनर्जी को दिया जवाब

Kolkata Rape Case:

Kolkata Rape Case:कोलकाता रेपकांड को बीते हुए एक महीने से ज्यादा का समय हो गया है। मामले की सीबीआई जांच चल रही है और इसी बीच ईडी की भी एंट्री हो गई है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। जांच कब तक पूरी हो पाएगी यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा लेकिन पीड़िता की मां के एक बयान ने सनसनी मचा दी है। सीएम ममता बनर्जी के एक बयान पर पीड़िता की मां ने कहा कि हमें पैसे ऑफर किए गए। मेरी बेटी वापस नहीं आएगी। क्या मैं उसके लिए झूठ बोलूंगी। पीड़िता की मां ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी ने कहा था कि पैसे मिलेंगे , अपनी बेटी की याद में कुछ बनाओ। जिसका जवाब देते हुए पीड़िता की मां ने कहा कि जब मेरी बेटी को न्याय मिल जाएगा तो आपके ऑफिस आकर वो पैसे ले लूंगी।                
 
आंदोलन जारी रहेगाः पीड़िता की मां                 
 
पीड़िता की मां ने कहा कि मेरे घर का कमरा बंद है, लाइटें बंद हैं। मुख्यमंत्री आंदोलन को खत्म करना चाह रही हैं। जैसे मेरी बेटी का गला घोंट दिया गया। सबूत नष्ट कर दिए गए। हम सड़क पर रहेंगे। जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता ,आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोग महोत्सव में जाना चाहें तो जा सकते हैं। मैं इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहती। मेरे घर पर भी दूर्गा पूजा होती है। मेरी बेटी खुद दुर्गा पूजा करती थी लेकिन अब मेरे घर में कभी भी दुर्गा पूजा नहीं मनाई जाएगी।      
 
देशभर के डॉक्टरों में आक्रोश         
 
बता दें कि पिछले महीने 8-9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के साथ दरिंदगी की गई थी। इस घटना को लेकर देशभर में लोगों ने आंदोलन किया था। लोग सड़कों पर उतर आए थे। डॉक्टरों ने हड़ताल की थी और कोलकाता की बेटी के लिए न्याय की गुहार लगाते रहे थे।  इस मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हुए और आरोप लगे कि सबूत नष्ट करने की कोशिश की गई है।      

Leave a comment