
Kolkata Rape Case Update: केंद्रीय जांच ब्यूरो ने कोलकात केस की जांच तेज कर दी है। सीबीआई ने गुरुवार को कोलकाता डॉक्टर रेप मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी संजय रॉय के दांतों के निशान लिए। इसके अलावा लार के नमूने लिए हैं। दोनों नमूने इस केस में अहम सबूत साबित हो सकते हैं।
सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा कि टीम बुधवार रात प्रेसीडेंसी जेल पहुंची। जहां आरजी कर अस्पताल की महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के आरोप में बंद आरोपी संजय रॉय से पूछताछ की। पूछताछ लगभग पांच घंटे तक चली।
सीबीआई ने कोर्ट से मांगी थी अनुमति
सीबीआई के अधिकारियों ने आरोपी से एक नरम वस्तु पर कभी हल्के तो कभी तेज से काटने के लिए बोला। इस तरह उसके दांतों के निशान लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया गया है। बता दें कि सीबीआई ने कोलकाता कोर्ट से अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद सीबीआई संजय से पूछताछ करने पहुंची थी। इस दौरान दांत के निशान लिए गए।
जांच के तह तक जा रही सीबीआई
सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि महिला डॉक्टर के शव पर काटने के कई निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हुई थी। फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम ने महिला डॉक्टर के शव से लार के नमूने भी जमा किए थे। अब सीबीआई संजय रॉय के दांतो के निशान और लार के नमूनों शव पर मिले निशान से मिलाएगी।
डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी
कोलकाता की घटना को लेकर जूनियर डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी है। 12 सितंबर को तीसरी बार ममता सरकार और डॉक्टरों के बीच चर्चा नहीं हो सकी। सीएम ममता ने सचिवालय में दो घंटे इंतजार किया , लेकिन डॉक्टर मीटिंग के लाइव टेलीकास्ट की मांग पर अड़े रहे। तीसरी कोशिश नाकाम होने पर ममता ने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। वहीं जूनियर डॉक्टरों ने कहा कि उन्हें सरकार के साथ बातचीत न हो पाने का दुख है ,लेकिन उन्हें ममता बनर्जी का इस्तीफा नहीं चाहिए। वे अब भी बातचीत के लिए तैयार हैं।
Leave a comment