Kal Ka Mausam 9 October 2026: मानसून की विदाई का दौर शुरू हो चुका है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम अभी भी बदला हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने 9 अक्टूबर को देश के 22 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। वहीं समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना है, इसलिए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम में बदलाव की क्या है वजह?
मौसम में अचानक बदलाव की बड़ी वजह कई मौसमी सिस्टम हैं। उत्तराखंड और उससे सटे हिमाचल प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिणी झारखंड और आसपास के इलाकों में भी निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी से उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक एक ट्रफ बनी हुई है। पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के साथ बंगाल की खाड़ी के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में भी ट्रफ का असर देखने को मिल रहा है। इन सभी सिस्टम के कारण कई राज्यों में बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है।
कई राज्यों में बारिश की संभावना
दिल्ली में 9 अक्टूबर से अगले तीन दिन तक बारिश का अनुमान है। इस दौरान करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम 21 से 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बिहार में कई जिलों में बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। मध्य प्रदेश में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। राजस्थान में धौलपुर, बूंदी, अजमेर, भरतपुर और कुछ अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
कैसा रहेगा पहाड़ी इलाकों का मौसम
हिमाचल प्रदेश के मंडी, सोलन, कांगड़ा और बिलासपुर में भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तराखंड के ऋषिकेश, नैनीताल, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में भी आंधी-बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
Also read: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन, 42 पूर्व न्यायाधीशों का चुनाव आयोग के समर्थन में दी चेतावनी