क्या एकनाथ शिंदे के साथ होने वाला है खेला? कांग्रेस नेता के एक बयान ने पकड़ा तूल

क्या एकनाथ शिंदे के साथ होने वाला है खेला? कांग्रेस नेता के एक बयान ने पकड़ा तूल

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री और शिवसेना के प्रमुख एकनाथ शिंदे इन दिनों नाराज चल रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि शिंदे निजी यात्रा पर सतारा जिले में अपने पैतृक गांव गए हैं।, वह पालक मंत्री (जिला मंत्री) की नियुक्तियों को लेकर नाराज चल रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने चौंकाने वाला दावा कर दिया है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सोमवार यानी 20जनवरी को दावा किया कि एकनाथ शिंदे को हटाया जा सकता है।  

कांग्रेस नेता ने नागपुर में कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में एकनाथ शिंदे की स्थिति ठीक नहीं है। ऐसा लगता है कि शिंदे को किनारे लगाया जा सकता है।  मुझे आश्चर्य है कि क्या शिंदे की राजनीतिक उपयोगिता खत्म हो गई है।

भाजपा पर कसा तंज  

भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि 'महाराष्ट्र में ऐसी राजनीतिक स्थिति बन सकती है, जिसमें शिवसेना का तीसरा ‘उदय’ होने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि एक उदय (राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत) दोनों नावों पर सवार हैं और उन्होंने (दोनों पक्षों के साथ) बहुत अच्छे संबंध बनाए रखे हैं। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को महाराष्ट्र के 36जिलों के लिए प्रभारी मंत्रियों की घोषणा की थी। इसी में प्रमुखता नहीं मिलने से एकनाथ शिंदे नाराज हो गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनाने में जुटे

विवाद की वजह से रविवार यानी 19 जनवरी को नासिक और रायगढ़ के लिए इन नियुक्तियों पर रोक लगा दी थी। एनसीपी की अदिति तटकरे को रायगढ़ का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।  जिससे शिवसेना नेता भरत गोगावाले नाराज हो गए हैं।  वहीं नासिक की जिम्मेदारी भाजपा नेता गिरीश महाजन को दी गई है। नाराजगी की खबरों को देखते हुए महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और मंत्री गिरीश महाजन शिंदे से मिलने और उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए दरेगांव के लिए रवाना हो गए हैं। 

Leave a comment