भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, चौथी बार एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी पर किया कब्जा

भारतीय हॉकी टीम ने रचा इतिहास, चौथी बार एशियन हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी पर किया कब्जा

India Wins Asian Champian Trophy 2023 Hockey: भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर भारत का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी 2023जीत लिया है। शनिवार को चेन्नई में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हरा दिया। बताते चलें, भारतीय टीम ने चौथी बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है।  अब वह सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली टीम बन चुकी है।

मुकाबला रहा रोमांचक

फाइनल मुकाबले में पहला गोल भारत ने किया। 9वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कार्नर पर शानदार गोल दागा। फिर खेल के 14वें मिनट पर में अजराई अबू कमाल ने फील्ड गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। खेल इस वक्त रोमांचक हो चला था। फिर खेल के दूसरा क्वार्टर को मलेशिया ने पूरी तरह अपने नाम किया। खेल के 18वें मिनट में अनुभवी खिलाड़ी रजी रहीम ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। फिर 28वें मिनट में मोहम्मद अमीनुद्दीन ने भी पेनल्टी कॉर्नर पर स्कोर किया। हाफटाइम के समय तक मलेशिया 3-1 से आगे था। हर एक भारतीय की सांसे थमी थीं। लेकिन फिर खेल का तीसरा क्वार्टर शुरु हुआ जहां भारतीय टीम ने बेहतरीन वापसी की। इस क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत ने दो गोल किए। सबसे पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर दमदार गोल किया। कुछ सेंकेड्स के बाद गुरजंत सिंह ने फील्ड गोल दागकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।  फिर आखिरी क्वार्टर में आकाशदीप सिंह ने भारत के लिए निर्णायक गोल किया।

पीएम मोदी ने दी बधाई

वहीं  भारतीय हॉकी टीम की इस ऐतिहासिक जीत ने हर भारतीय को खुशी से झूमने के लिए मजबूर कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को जीत की बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा,‘एशियाई चैम्पियनशिप में शानदार जीत पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई! यह भारत की चौथी जीत है और यह हमारे खिलाड़ियों के अथक समर्पण, कठोर प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। उनके असाधारण प्रदर्शन ने पूरे देश में अत्यधिक गर्व की भावना जगाई है। हमारे खिलाड़ियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।’वहीं केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई दिग्गज हस्तियों ने भारतीय टीम के दमदार खेल की सराहना की है।  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की तरफ से भी टीम इंडिया को बधाई दी गई है।

Leave a comment