
Gitika Srivastava : पाकिस्तान में 1947 के बाद पहली बार भारतीय उच्चायोग की कमान किसी महिला को दी जा रही है। IFS अधिकारी गीतिका श्रीवास्तव को इस्लामाबाद के भारतीय उच्चायोग में भारत की नई प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। गीतिका श्रीवास्तव 2005 बैच की IFS अधिकारी रही हैं। गीतिका श्रीवास्तव सुरेश कुमार की जगह लेंगी। IFS गीतिका श्रीवास्तव को पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त बनाए जाने की बात खुद पाकिस्तानी अखबार द न्यूज की ओर से की गई है। इसमें बताया गया है कि इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग की ओर से पहली महिला प्रभारी गीतिका श्रीवास्तव की नियुक्ति तय हो चुकी है।
कौन हैं गीतिका श्रीवास्तव
गीतिका श्रीवास्तव फिलहाल विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में संयुक्त सचिव तौर पर काम कर रही हैं। गीतिका इंडो पैसिफिक डिवीजन में कार्यरत हैं। गीतिका को चीनी भाषा भी आती है। उन्होंने विदेशी भाषा ट्रेनिंग के दौरान मंदारिन सीखी है। वे 2007 से 2009 तक चीन में भारतीय दूतावास में तैनात रहीं हैं। इसके साथ ही वे कोलकाता में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और विदेश मंत्रालय में हिंद महासागर क्षेत्र प्रभाग के निदेशक के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
नहीं मिला कभी प्रभार का पद
बताते चलें, 1947 में श्रीप्रकाश को पाकिस्तान में पहला भारतीय उच्चायुक्त नियुक्त किया गया था। इसके बाद से भारत का प्रतिनिधित्व हमेशा पुरुष राजनयिकों द्वारा किया गया है।वहीं इस्लामाबाद में अंतिम भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया थे, जिन्हें 2019 में आर्टिकल 370 हटाने के बाद पाकिस्तान द्वारा उच्चायोग की स्थिति को कम करने के फैसले के बाद वापस बुला लिया गया था। लेकिन,महिला राजनयिक पहले भी पाकिस्तान में तैनात रह चुकी हैं। लेकिन कभी भी उन्हें प्रभार नहीं मिला।
Leave a comment