BCCI Director of Cricket: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज और BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख VVS लक्ष्मण को जल्द ही भारतीय क्रिकेट में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। BCCI सितंबर में कुछ अहम पदों में बदलाव की तैयारी कर रहा है। इसी बीच खबर है कि लक्ष्मण को Director of Cricket बनाया जा सकता है। अजीत अगरकर का सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल सितंबर में खत्म होने वाला है। वहीं, भारतीय टीम के कोचिंग सिस्टम को लेकर भी समीक्षा की जा रही है। ऐसे में BCCI कई बड़े बदलाव कर सकता है। हालांकि, लक्ष्मण की नई भूमिका को लेकर बोर्ड की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अहम हो सकते हैं फैसले
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि BCCI अगरकर का कार्यकाल जून 2027 तक बढ़ा सकता है। ऐसे में चयन समिति और टीम मैनेजमेंट से जुड़े फैसले आने वाले समय में काफी अहम हो सकते हैं। अगर लक्ष्मण को Director of Cricket की जिम्मेदारी मिलती है तो यह उनके मौजूदा काम का बड़ा विस्तार होगा। बेंगलुरु स्थित BCCI Centre of Excellence में लक्ष्मण खिलाड़ियों के विकास और हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रमों की निगरानी कर रहे हैं। नई भूमिका में वह भारतीय क्रिकेट के कई महत्वपूर्ण विभागों के बीच तालमेल बनाने का काम कर सकते हैं।
क्या मिलेगी जिम्मेदारी
इस पद के तहत सीनियर टीम, चयनकर्ता, कोचिंग स्टाफ, Centre of Excellence और युवा खिलाड़ियों के विकास कार्यक्रमों के बीच बेहतर समन्वय की जिम्मेदारी मिल सकती है। इससे खिलाड़ियों की पहचान, उनके विकास और हाई-परफॉर्मेंस प्लानिंग में भी निरंतरता आने की उम्मीद है। लक्ष्मण पहले भी भारतीय टीम के साथ करीब से जुड़े रहे हैं। जरूरत पड़ने पर वह अंतरिम कोच की भूमिका निभा चुके हैं। हाल ही में उन्होंने जिम्बाब्वे दौरे पर युवा भारतीय टीम को अपनी कोचिंग में 3-0 से T20I सीरीज जिताई थी। उस समय गौतम गंभीर और उनका नियमित सपोर्ट स्टाफ इंग्लैंड दौरे के बाद आराम पर था।
BCCI ने नहीं की है आधिकारिक घोषणा
लक्ष्मण ने 2024 में राहुल द्रविड़ के बाद भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने के बजाय Centre of Excellence में अपनी भूमिका जारी रखने का फैसला किया था। तब से वह भारतीय खिलाड़ियों के विकास से जुड़े ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अगर Director of Cricket का पद अंतिम रूप लेता है, तो लक्ष्मण की भूमिका एक विभाग की जिम्मेदारी संभालने से बढ़कर भारतीय क्रिकेट के कई महत्वपूर्ण हिस्सों को जोड़ने वाली हो सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला और पद की जिम्मेदारियों का ढांचा BCCI की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
Also read: क्रिकेट के ग्लोबल विस्तार पर अश्विन की दो टूक, बोले- और देशों को आना होगा आगे