
Debendra Pradhan Dies: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. देबेंद्र प्रधान का सोमवार को निधन हो गया। 84वर्ष की उम्र में उन्होंने नई दिल्ली में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की और श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. देबेंद्र प्रधान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिष्ठित नेता थे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में मंत्री पद संभाला था। वे 1999से 2001तक केंद्रीय परिवहन एवं कृषि मंत्री रहे और अपने कार्यकाल में कई कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया। उनके पुत्र धर्मेंद्र प्रधान वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जताया शोक
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनके निधन पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा, "डॉ. देबेंद्र प्रधान एक लोकप्रिय जननेता और योग्य सांसद थे। उन्होंने अपने कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।" माझी ने आगे कहा कि उनका पूरा जीवन जनसेवा और दृढ़ संकल्प की भावना के साथ बीता। वे जनता के प्रिय नेता थे और हमेशा विकास के लिए कार्य करते रहे।
नवीन पटनायक बोले- ‘देश ने एक मजबूत नेता खो दिया’
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भी डॉ. प्रधान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "हमने एक प्रभावशाली राजनेता और कुशल संगठनकर्ता खो दिया है। उनका अद्वितीय नेतृत्व और मजबूत व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा।"
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने धर्मेंद्र प्रधान से फोन पर बात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देश और राज्य ने एक प्रतिष्ठित लोक सेवक खो दिया है।
डॉ. देबेंद्र प्रधान के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके योगदान और सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा।
Leave a comment