
New Delhi: गौतमबुद्ध नगर के जिला मजिस्ट्रेट (DM) का आधिकारिक ट्विटर हैंडल हैक करने वाले आरोपी को नोएडा पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी को नोएडा के सेक्टर-20 थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया और उसकी गिरफ्तारी दिल्ली के बुराड़ी से हुई। आरोपी की पहचान सोहन सिंह के रूप में हुई है, और पुलिस ने उसके पास से वही फोन भी बरामद किया है जिससे विवादित पोस्ट डाली गई थी।
क्या था पूरा मामला?
गौतमबुद्ध नगर के DM के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत को लेकर एक विवादास्पद पोस्ट की गई थी। इस पोस्ट में नौकरशाही में राजनीतिक पूर्वाग्रह के आरोप लगाए गए थे। सुप्रिया श्रीनेत ने एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने टिप्पणी की थी, "इतिहास बनता है और इसे बदला नहीं जा सकता। नरेंद्र मोदी जानते हैं कि इतिहास उन्हें कैसे याद रखेगा और इसीलिए वे चिंतित हैं।" इस टिप्पणी के जवाब में DM के ट्विटर हैंडल से आपत्तिजनक कमेंट किए गए, जो राहुल गांधी पर कटाक्ष के रूप में देखे गए।
सुप्रिया श्रीनेत ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा, "यह DM Noida हैं, जो पूरे जिले की जिम्मेदारी रखते हैं। विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बारे में उनकी भाषा और विचार स्पष्ट रूप से दिखाते हैं कि प्रशासनिक अमले में संघी विचारधारा का प्रभुत्व है।"
नेताओं की प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने टिप्पणी की कि "क्या अब भाजपा शासन के तहत आईएएस अधिकारियों को ऐसी राजनीतिक टिप्पणियां करने का आदेश दिया गया है?" वहीं, शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "इस बिकाऊ सरकारी DM से आपत्तिजनक ट्वीट पढ़ने के बाद, सुप्रिया श्रीनेत को सलाम। उन्हें वह सब कुछ मिलना चाहिए जिसके वे हकदार हैं।"
DM का स्पष्टीकरण
विवाद बढ़ने के बाद, गौतमबुद्ध नगर के DM ने एक स्पष्टीकरण जारी किया जिसमें कहा गया कि विवादित पोस्ट उनके द्वारा नहीं की गई थी और उनके हैंडल का दुरुपयोग किया गया था। बयान में कहा गया, "किसी असामाजिक तत्व ने DM गौतमबुद्ध नगर की ID का दुरुपयोग किया है और गलत टिप्पणी पोस्ट की है। इसे गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की गई है और साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है।"
Leave a comment